Gorakhpur∨

Post

Pradhan Pravasi
Gorakhpur•about 1 hour ago

*चुनावी तैयारियों की नब्ज टटोलने सचिव स्तर के अधिकारी पहुंचे

*चुनावी तैयारियों की नब्ज टटोलने सचिव स्तर के अधिकारी पहुंचे गोरखपुर* *26 नवंबर को आएंगे वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, दो दिन में पांच मंडलों के 17 जिलों की होगी समीक्षा* गोरखपुर।वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को आयोग और केंद्र सरकार के सचिव स्तर के वरिष्ठ अधिकारी गोरखपुर पहुंच गए। गुरुवार 26 नवंबर को भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग भी गोरखपुर आएंगे। उनके नेतृत्व में दो दिनों तक पांच मंडलों के 17 जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। उच्चस्तरीय बैठक को लेकर प्रशासनिक और निर्वाचन महकमे में हलचल तेज हो गई है। बुधवार को गोरखपुर पहुंचे अधिकारियों में प्रमुख सचिव अरविंद आनंद, सचिव अजय कुमार वर्मा, सचिव संतोष कुमार दुबे, अवर सचिव प्रफुल्ल अवस्थी और अवर सचिव श्रीमती दीप माला शामिल हैं। इन अधिकारियों के पहुंचने के साथ ही गुरुवार से शुरू होने वाली समीक्षा बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी प्रतिभाग करेंगे। 26 नवंबर को गोरखपुर में होने वाली बैठक में गोरखपुर, वाराणसी और बस्ती मंडलों के 11 जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इसमें गोरखपुर मंडल के गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज, वाराणसी मंडल के वाराणसी, जौनपुर, चंदौली और गाजीपुर तथा बस्ती मंडल के बस्ती, संतकबीर नगर और सिद्धार्थनगर जिले शामिल हैं। वहीं, 27 नवंबर को आजमगढ़ और विंध्याचल मंडलों के छह जनपदों की समीक्षा होगी। आजमगढ़ मंडल के आजमगढ़, मऊ और बलिया तथा विंध्याचल मंडल के मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र जिले की निर्वाचन तैयारियों का जायजा लिया जाएगा। दो दिनों तक चलने वाली इस समीक्षा बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अब तक की गई तैयारियों का आकलन किया जाएगा। आयोग के वरिष्ठ अधिकारी संबंधित जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से निर्वाचन व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगे। चुनाव में अभी समय है, लेकिन आयोग ने पहले से ही तैयारियों की पड़ताल शुरू कर दी है, ताकि समय रहते कमियों को दूर कर चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
92 likes
924 views0 comments0 shares