
गोरखपुर को CM योगी देंगे 1,663 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, 88 योजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास; बदलेगी शहर की सूरत!

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार, 1 नवंबर को गोरखपुर के विकास को नई रफ्तार देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री 1,663 करोड़ रुपये की लागत वाली 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से शहर की सड़कें, सीवर व्यवस्था, जल निकासी और बाढ़ सुरक्षा व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है। इस दौरान चौरीचौरा से लेकर शहर तक विकास की कई बड़ी सौगातें मिलेंगी। कार्यक्रम की शुरुआत चौरीचौरा के भोपा बाजार में 59.44 करोड़ रुपये की लागत से बने रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के लोकार्पण से होगी। इस ओवरब्रिज की खासियत यह है कि इसके पिलरों पर चौरीचौरा के अमर बलिदानियों की गौरवगाथा को भी उकेरा गया है। इसके निर्माण से रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। इसके बाद मुख्यमंत्री 495.24 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी गोड़धोइया नाला परियोजना (फेज-1) का लोकार्पण करेंगे। इसके तहत 9.25 किलोमीटर पक्का नाला और 17.5 किलोमीटर इंटरसेप्टिंग सीवर लाइन का निर्माण कराया गया है। इससे शहर के 17 वार्डों में जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, शहर की सीवर व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए 721.40 करोड़ रुपये की गोरखपुर सीवरेज योजना (जोन-ए3) का शिलान्यास किया जाएगा। इसके तहत करीब 350 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा 92.72 करोड़ रुपये की गोड़धोइया नाला परियोजना (फेज-2) और 65.93 करोड़ रुपये की लागत से नाले के समानांतर 7.75 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण परियोजना का भी शिलान्यास होगा। इस सड़क पर स्ट्रीट लाइट और क्रैश बैरियर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इन पांच प्रमुख परियोजनाओं के अलावा लोक निर्माण विभाग, बाढ़ खंड और नगर निगम की 83 अन्य विकास परियोजनाओं पर भी काम होगा। इनकी कुल लागत 287.56 करोड़ रुपये बताई गई है। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम से गोरखपुर को सड़क, सीवर, जल निकासी और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। अब इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहरवासियों को जाम, जलभराव और गंदे पानी की निकासी जैसी समस्याओं से कितनी राहत मिलती है, इस पर सबकी निगाहें रहेंगी। **बांसगांव संदेश | गोरखपुर**