Post

Uttam Jaiswal
Kushinagar•about 12 hours ago

खड्डा के जटाशंकर पोखरे पर व्रती महिलाओं की उमड़ी अपार भीड़

खड्डा के जटाशंकर पोखरे पर व्रती महिलाओं की उमड़ी अपार भीड़

खड्डा के जटाशंकर पोखरे पर व्रती महिलाओं की उमड़ी अपार भीड़ खड्डा (कुशीनगर): लोकआस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को कुशीनगर जिले के खड्डा नगर पंचायत में गजब का उत्साह देखने को मिला। नगर के ऐतिहासिक जटाशंकर पोखरे पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। प्रशासनिक मुस्तैदी और नगर पंचायत की बेहतरीन व्यवस्था के बीच यह महापर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। पर्व को लेकर नगर पंचायत द्वारा पहले ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। जटाशंकर पोखरे और वहाँ तक पहुँचने वाले सभी प्रमुख मार्गों को भव्य रूप से सजाया गया है। रंग-बिरंगी लाइटों और झालरों की चकाचौंध से पूरा इलाका किसी दुल्हन की तरह सजा हुआ प्रतीत हो रहा है। साफ-सफाई और पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों के चलते हजारों की संख्या में पहुँची भीड़ को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। दोपहर ढलते ही व्रती महिलाओं और उनके स्वजनों का जटाशंकर पोखरे पर पहुँचना शुरू हो गया । सिर पर पूजा सामग्री से भरे सूप और दउरे सजाए महिलाओं की लंबी कतारें आस्था का अनूठा दृश्य प्रस्तुत कर रही थीं। जैसे ही भगवान भास्कर अस्ताचलगामी हुए, व्रतियों ने जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। घाटों पर गूँज रहे पारंपरिक और मधुर छठ गीतों से पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। प्रशासन और पुलिस बल की मुस्तैदी से व्रतियों ने पूरी श्रद्धा, उल्लास और शांति के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

0 likes
0 comments0 shares