
देवरिया में पुलिस मुठभेड़, रुद्रपुर सीएचसी हत्याकांड का प्रमुख आरोपी घायल, पैर
देवरिया में पुलिस मुठभेड़, रुद्रपुर सीएचसी हत्याकांड का प्रमुख आरोपी घायल, पैर में लगी गोली देवरिया, बांसगांव संदेश। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार, 27 अक्टूबर को चेकिंग के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, रोकने का इशारा करने पर बाइक सवार दो आरोपी भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक फिसल गई। पुलिस ने राम आशीष यादव पुत्र रमाकांत यादव को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को रुद्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर के अनुसार, घायल आरोपी रुद्रपुर सीएचसी परिसर में हुए हत्याकांड का प्रमुख अभियुक्त है। मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।