Gorakhpur•about 2 hours ago
*बाल विवाह, मानव तस्करी और बाल श्रम रोकने के लिए

*बाल विवाह, मानव तस्करी और बाल श्रम रोकने के लिए पुलिस की सक्रियता पर जोर*
*व्हाइट हाउस सभागार में SJPU और AHT की मासिक समीक्षा बैठक, गुमशुदा बच्चों की तलाश और पुनर्वास पर हुई चर्चा*
गोरखपुर। बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए गोरखपुर पुलिस अब बाल अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ बाल श्रम, बाल विवाह और मानव तस्करी के मामलों पर भी प्रभावी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू) एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों और संस्थाओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया गया।
सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी अपराध अरुण कुमार एस की अध्यक्षता में हुई बैठक में किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम-2015 के प्रावधानों और उनके प्रभावी अनुपालन पर चर्चा की गई। इसके साथ ही बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी, भिक्षावृत्ति, बेघर बच्चों के बचाव एवं पुनर्वास तथा मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर पुलिस और संबंधित विभागों की जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई। पॉक्सो अधिनियम-2012 के तहत दर्ज मामलों में समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में गोरखपुर पुलिस के लिए पॉक्सो अधिनियम-2012 पर विशेष कार्यशाला आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि पुलिसकर्मियों को बच्चों से जुड़े यौन अपराधों की जांच, पीड़ित बच्चों के साथ संवेदनशील व्यवहार और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जा सके। इसके अलावा गुमशुदा बच्चों की तलाश में पुलिस विभाग की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। बच्चों की गुमशुदगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई, आपसी समन्वय और उनकी सुरक्षित बरामदगी को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। 21 नवंबर से 21 दिसंबर तक चलने वाले अभियान के दौरान आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल हस्तक्षेप करने, संबंधित विभागों के सहयोग से इसे रोकने तथा लोगों को जागरूक करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. जयप्रकाश आर्य, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. मुमताज खां, माध्यमिक शिक्षा विभाग के जिला विद्यालय निरीक्षक एवं सदस्य मिथिलेश कुमार मिश्रा, एसएसबी गोरखपुर से निरीक्षक सा. कुमार पवन सहित विभिन्न संबंधित संस्थाओं के प्रभारी एवं सदस्य मौजूद रहे। थाना एएचटी के प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार, सभी थानों के बाल कल्याण अधिकारी तथा एसजेपीयू के अधिकारी एवं कर्मचारी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि बच्चों को शोषण, उत्पीड़न, बाल श्रम, बाल विवाह और मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक बुराइयों से बचाने के लिए पुलिस, प्रशासन, शिक्षा विभाग और बाल संरक्षण से जुड़ी संस्थाओं को मिलकर काम करना होगा। साथ ही जरूरतमंद और बेसहारा बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने तथा उनके पुनर्वास के लिए समन्वित प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
109 likes
1,092 views0 comments0 shares