
अर्नब तूफान की बारिश ने किसानों की बढ़ाई चिंता, खेतों में गिरने लगी धान की फसल

मदरिया, 30 अक्टूबर। बांसगांव संदेश। अर्नब तूफान के प्रभाव से शुक्रवार सुबह से हो रही लगातार बारिश ने गोला क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तेज हवा और बारिश के कारण खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल गिरने लगी है। कई गांवों में फसल गिरने और जलभराव की आशंका जताई जा रही है। ऐसे समय में जब किसानों ने धान की कटाई शुरू कर दी थी, मौसम के अचानक बदले मिजाज ने उनकी मेहनत पर पानी फेरने का खतरा पैदा कर दिया है। किसान नागेंद्र पांडेय ने बताया कि उनकी लगभग आधी धान की फसल कट चुकी है, जबकि बाकी फसल खेत में खड़ी है। अमित तिवारी के अनुसार लगातार बारिश से खेतों में जलभराव होने पर धान की फसल खराब हो सकती है और गेहूं की बोवाई भी पिछड़ सकती है। अविनाश राय ने बताया कि तेज हवा के चलते फसल गिरनी शुरू हो गई है। बाहपुर, नुआंव, मेहरा सुरदापार, बनकटा, भड़सड़ा, सेमरी, कटया और गोपालपुर सहित कई गांवों में फसल प्रभावित होने की सूचना है। लगातार बारिश से बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा और जनजीवन प्रभावित हुआ।