दीपावली पर रोशनी से जगमगाया सिकरीगंज बाजार, जमकर हुई खरीदारी;व्यापारियों के खिले चेहरे

दीपावली पर रोशनी से जगमगाया सिकरीगंज बाजार, जमकर हुई खरीदारी; व्यापारियों के खिले चेहरे सिकरीगंज/गोरखपुर। प्रकाश और खुशियों का महापर्व दीपावली सिकरीगंज क्षेत्र में बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दीपावली को लेकर सुबह से ही सिकरीगंज बाजार में रौनक देखने को मिली। मिठाई, पटाखे, कपड़े, दीपक, सजावटी सामान और मां लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। बाजार में उमड़ी भीड़ के चलते कई दुकानों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर भी खुशी देखने को मिली। मीडिया से बातचीत के दौरान बतासा एवं खिलौने के व्यापारी शिवनाथ गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष बाजार में काफी अच्छी भीड़ रही। स्थिति ऐसी थी कि भीड़ के बीच खड़ा होना भी मुश्किल हो गया था। उन्होंने कहा कि इस साल बिक्री भी काफी अच्छी रही। वहीं मिठाई व्यापारी कृष्णा बंगाली ने बताया कि वह छोटे व्यापारी हैं, लेकिन हर साल की तरह इस वर्ष भी दीपावली पर उनकी दुकान पर अच्छी बिक्री हुई। फल व्यापारी शिवम गुप्ता ने बताया कि इस बार फलों की बिक्री कुछ कम रही, लेकिन उन्होंने पटाखों और मां लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की दुकान भी लगाई थी, जहां ग्राहकों का अच्छा प्रतिसाद मिला और बिक्री संतोषजनक रही। दीपावली के पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सिकरीगंज पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिसकर्मियों ने बाजार एवं प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। कुल मिलाकर दीपावली के अवसर पर सिकरीगंज बाजार में दिनभर रौनक बनी रही। खरीदारी की चहल-पहल, घरों में दीपों की रोशनी और लोगों के उत्साह ने पूरे क्षेत्र को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया।