नेक्स्ट अपडेट न्यूज देवरिया, छठ महापर्व को लेकर हनुमान मंदिर
नेक्स्ट अपडेट न्यूज देवरिया, छठ महापर्व को लेकर हनुमान मंदिर पोखरे पर तैयारियां तेज, सुरक्षा दृष्टिकोण से हो रही तैयारिया महिलाओं ने अपनी-अपने पूजा स्थल की रंगाई-पुताई करती दिखी। देवरिया। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर देवरिया सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर के पीछे स्थित विशाल पोखरे के चारों तरफ छठ व्रती माताओं और बहनों की आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। हर वर्ष की भांति इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी पोखरे के किनारे भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठी मईया की पूजा-अर्चना करेंगे। छठ पूजा को लेकर व्रती महिलाओं ने पोखरे के चारों तरफ अपने-अपने पूजा स्थल और चबूतरों को तैयार करना शुरू कर दिया है। महिलाएं चबूतरों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सजावट में जुटी हुई हैं। पूरे मंदिर परिसर में छठ महापर्व को लेकर उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है। वहीं, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और नगर पालिका प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी के साथ तैयारियों में जुटा है। पोखरे के चारों तरफ बांस-बल्लियों से बैरिकेडिंग कराई जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रहे और किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ड्रोन कैमरों से भी निगरानी किए जाने की तैयारी है। इसके अलावा प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, पेयजल और सुरक्षा के साथ-साथ अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है। प्रशासन का विशेष ध्यान इस बात पर है कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। लोक आस्था के इस महापर्व को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में है। मंदिर परिसर से लेकर पोखरे तक तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम तेजी से जारी है।