Gorakhpur•39 minutes ago
*अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- सरकार डर गई इसलिए इंटरनेट बंद कर दिया* *गोरखपुर में 20 किलोमीटर लंबे रोड शो के बाद जनसभा को किया संबोधित, 2027 में सभी सीटों पर सपा की जीत का जताया भरोसा* *सपा सरकार बनी तो मेडिकल कॉलेजों में मिलेगी एम्स जैसी सुविधा, गरीबों का मुफ्त होगा इलाज _अखिलेश* गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को गोरखपुर में करीब 20 किलोमीटर लंबे रोड शो के जरिए सियासी ताकत का प्रदर्शन किया। रोड शो के बाद आयोजित जनसभा में उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों को खाद की किल्लत, स्वास्थ्य सुविधाओं और युवाओं को दिए जा रहे टैबलेट जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी गोरखपुर की सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी। अपने संबोधन के अंत में इंटरनेट सेवा बंद होने पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार डर गई है, इसलिए इंटरनेट बंद कर दिया गया। अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर आकर ऐसा लग रहा है जैसे यूरोप की यात्रा पर आए हों। उन्होंने कहा कि अगर आज ही चुनाव हो जाए तो काशी की तरह गोरखपुर में भी भाजपा का डबल जीरो हो जाएगा। उन्होंने गोरखपुर की राजनीतिक परिस्थितियों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यहां अब उल्टी गिनती शुरू हो गई है। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि गोरखपुर का अपमान किसी ने किया है तो इसी सरकार ने किया है। वनस्पति के चक्कर में भी गोरखपुर बदनाम हुआ है। इससे पहले अखिलेश यादव बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे निजी विमान से गोरखपुर पहुंचे। एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों के बीच छह बटुकों ने मंत्रोच्चारण किया। इसके बाद उनका रोड शो शुरू हुआ। करीब 20 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान जगह-जगह कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। अखिलेश यादव पीडीए रथ की छत पर चढ़कर समर्थकों का अभिवादन करते नजर आए। कई स्थानों पर क्रेन के माध्यम से उन्हें बड़ी-बड़ी मालाएं पहनाई गईं। रोड शो में सपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यकर्ता रथ के आगे-पीछे दौड़ते रहे और टीपू इज बैक के पोस्टर लहराते रहे। डीजे पर 2027 में अखिलेश यादव के सत्ता में लौटने से जुड़े गाने बजते रहे। 2027 के सत्ताधीश लिखी टी-शर्ट पहनकर दो फीट के शुभम ने भी डांस कर लोगों का ध्यान खींचा। जनसभा स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण के साथ अखिलेश यादव की तस्वीर वाला पोस्टर भी लगाया गया था। जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि सात बार के सांसद और पांच बार के विधायक को लेकर भी राजनीतिक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भाजपा में पांच और सात की गिनती को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सात बार के सांसद प्रदेश अध्यक्ष बने हैं और पांच बार के विधायक राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के भीतर राजनीतिक परिस्थितियां बदल रही हैं और आने वाले समय में इसका असर दिखाई देगा। अखिलेश यादव ने गोरखपुर में हुए शिक्षक निर्वाचन चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि गोरख धंधे के जरिए चुनाव जीता गया। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता तो उनकी पार्टी के प्रत्याशी चुनाव जीतते। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने घोड़े वाली चाल चली, जिसे उस समय वे समझ नहीं पाए। लखनऊ में एक दुखी मां से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। मठ और विरासत की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा नेताओं को घेरा। उन्होंने कहा कि जो लोग विरासत की गद्दी की बातें करते हैं, उन्हें यह भी बताना चाहिए कि परिवारवाद की शुरुआत किसने की। उन्होंने गद्दी और राजनीतिक पदों को लेकर भी सवाल उठाए। उनके इस बयान से जनसभा में राजनीतिक माहौल गर्म रहा। युवाओं को दिए जा रहे टैबलेट पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि टैबलेट का हिंदी अर्थ गोली होता है। नौजवान कह रहे हैं कि उन्हें 2014 का मॉडल दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में युवाओं को लैपटॉप दिए गए थे, जिनसे उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला। उन्होंने हरदोई की एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक अधिकारी ने लैपटॉप खोला तो उसमें उनकी और नेताजी की तस्वीर दिखाई दी। उन्होंने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल युवाओं को बेहतर अवसर देने के लिए होना चाहिए। किसानों की समस्याओं को उठाते हुए अखिलेश यादव ने डीएपी और खाद की उपलब्धता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद क्यों नहीं मिल रही है। डीएपी की किल्लत से किसान परेशान हैं और खाद की बोरी में चोरी किसने की, सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि डीएपी इसलिए नहीं बोलते, क्योंकि उसमें पीडीए है। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है, जबकि खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में करीब 500 निजी अस्पताल बने हैं, लेकिन मेडिकल कॉलेजों और एम्स में भी लोगों को अपेक्षित इलाज की सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ के वेतन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 10 वर्षों में उनके वेतन में बढ़ोतरी नहीं हुई। सपा सरकार में नर्सिंग स्टाफ का वेतन बढ़ाया गया था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मेडिकल कॉलेजों में एम्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि गरीबों को इलाज के लिए किसी कार्ड की अनिवार्यता नहीं होगी। जरूरतमंद मरीज अस्पताल पहुंचेंगे तो उनका इलाज और दवाइयां मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने सैफई मेडिकल कॉलेज का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां नेताजी मुलायम सिंह यादव ने मुफ्त इलाज की व्यवस्था की थी। लखनऊ के लोहिया अस्पताल में भी ऐसी व्यवस्था की गई थी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े। फ्लाईओवर निर्माण को लेकर भी अखिलेश यादव ने अपनी बात रखी। उन्होंने अजय कुमार सिंह टप्पू का जिक्र करते हुए कहा कि फ्लाईओवर से लोगों को होने वाली असुविधाओं की जानकारी मिली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जनता की पसंद और जरूरत के मुताबिक फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। विकास कार्यों में आम लोगों की राय को महत्व दिया जाएगा। अखिलेश यादव ने गन्ने से प्लास्टिक जैसा मैटेरियल तैयार करने की तकनीक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की तकनीक को बढ़ावा दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर इसके कारखाने भी लगाए जाएंगे। इससे किसानों को लाभ मिलने के साथ नए उद्योगों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिल सकता है। अखिलेश यादव ने इंटरनेट सेवा बंद होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार डर गई है, इसलिए इंटरनेट बंद कर दिया गया। इसी टिप्पणी के साथ उन्होंने अपना संबोधन समाप्त किया। गोरखपुर में रोड शो और जनसभा के जरिए उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।
53 likes
527 views0 comments0 shares