Gorakhpur•about 2 hours ago
मतदाता सूची पुनरीक्षण की जमीनी हकीकत परखी,: बीएलओ से फार्म भरने की प्रक्रिया जानी
गोरखपुर। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान की जमीनी हकीकत जानने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार सुबह जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा के साथ गोरखपुर के मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त भारत मनीष गर्ग के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम एमपी पॉलिटेक्निक और जंगल धूसड़ स्थित बूथों पर पहुंची। वहां मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति देखी और बूथों पर तैनात बीएलओ से सीधे संवाद कर नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची से नाम हटाने तथा मतदाता विवरण में संशोधन के लिए आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विशेष रूप से फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के इस्तेमाल की परिस्थितियों और इनके निस्तारण की प्रक्रिया को समझा। बीएलओ से पूछा कि नए मतदाताओं के आवेदन किस प्रकार प्राप्त किए जा रहे हैं, आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेजों की जांच कैसे हो रही है और मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए पात्र लोगों तक अभियान की पहुंच कितनी है। अधिकारियों ने बूथ पर आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था, मतदाताओं को दी जा रही जानकारी और पुनरीक्षण कार्य में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों का भी जायजा लिया।
*नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया पर विशेष जोर*
निरीक्षण के दौरान फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बीएलओ से पूछा कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं तथा अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए किस प्रकार जागरूक किया जा रहा है। आवेदन प्राप्त होने के बाद उसकी जांच, आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम शामिल करने की कार्रवाई कैसे की जा रही है, इसकी जानकारी ली।
फार्म-7 के संबंध में अधिकारियों ने नाम हटाने के लिए आवेदन प्राप्त होने की परिस्थितियों और उसके सत्यापन की प्रक्रिया समझी। वहीं फार्म-8 के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन, स्थानांतरण और आवश्यक सुधार के लिए आवेदन लेने की व्यवस्था के बारे में जानकारी हासिल की। अधिकारियों ने बीएलओ से यह भी जाना कि मतदाताओं को अलग-अलग फार्म के उपयोग के संबंध में किस तरह समझाया जा रहा है, ताकि पात्र मतदाता सही फार्म भरकर आवेदन कर सकें।
*बूथ पर आवेदन लेने की व्यवस्था और बीएलओ की कार्यप्रणाली परखी*
भारत निर्वाचन आयोग की टीम ने बूथ पर पहुंचकर अभिलेखों का निरीक्षण करने के साथ बीएलओ से कार्य की वास्तविक स्थिति भी जानी। अधिकारियों ने आवेदन प्राप्त करने, मतदाताओं को फार्म उपलब्ध कराने, उनकी समस्याओं का समाधान करने और पुनरीक्षण अभियान के दौरान बूथ स्तर पर किए जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तार से बातचीत की। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने तथा गलत प्रविष्टियों को नियमानुसार दुरुस्त करने की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह जानने का प्रयास किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का लाभ आम नागरिकों तक किस तरह पहुंच रहा है और बूथ स्तर पर आवेदन लेने में किसी प्रकार की समस्या तो नहीं आ रही है। बीएलओ से अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों की स्थिति और लोगों की सहभागिता के बारे में भी जानकारी ली गई।
75 likes
753 views0 comments0 shares