छठ महापर्व पर दो घाटों पर प्रतिबंध, छोटा और बड़ा

छठ महापर्व पर दो घाटों पर प्रतिबंध, छोटा और बड़ा महादेवा घाट पर नहीं जा सकेंगे श्रद्धालु अधिक गहराई और कटान के चलते प्रशासन ने लिया निर्णय, पुलिस की रहेगी तैनाती; सुरक्षित घाटों पर ही व्रती महिलाएं देंगी अर्घ्य गाजीपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा निर्णय लिया है। आगामी 14 एवं 15 नवंबर को होने वाले छठ महापर्व के दौरान जनपद के दो प्रमुख घाटों छोटा महादेवा और बड़ा महादेवा (गोराबाजार) को प्रतिबंधित कर दिया गया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर यह निर्णय घाटों की सुरक्षा स्थिति का निरीक्षण करने के बाद लिया गया है।प्रशासन के अनुसार, दोनों घाटों पर पानी की अधिकता, अत्यधिक गहराई, ऊंचाई और कटान की समस्या के कारण इन्हें छठ पूजा के लिए सुरक्षित नहीं पाया गया है। ऐसे में किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए इन घाटों पर श्रद्धालुओं के आवागमन पर पूरी तरह रोक रहेगी।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रतिबंधित घाटों पर किसी भी व्रती महिला, पुरुष अथवा बच्चे को जाने की अनुमति नहीं होगी। इन घाटों पर पुलिस बल तैनात रहेगा तथा बैरिकेडिंग कर लगातार निगरानी की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।जिलाधिकारी ने सभी व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रतिबंधित घाटों पर जाने से बचें और आसपास के अन्य सुरक्षित घाटों पर ही छठ पूजा एवं सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करें। प्रशासन की ओर से अन्य घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, नाव तथा चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।जिलाधिकारी ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। श्रद्धालु प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित घाटों पर ही पूजा-अर्चना करें। साथ ही अपने परिवार के सदस्यों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।