Gorakhpur•about 15 hours ago
बेलीपार में भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से हाथी की मौत, महावत समेत दो गंभीर घायल

https://www.facebook.com/share/v/1NWfhjRitA/
बांसगांव संदेश। गोरखपुर के बेलीपार थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाटा (डवरपार) स्थित ईंट-भट्ठे के सामने तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने हाथी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हाथी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महावत समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब छह बजे हाथी अपने महावत और सहयोगी के साथ शादी समारोह से वापस लौट रहा था। इसी दौरान हाटा के पास अज्ञात वाहन ने हाथी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाथी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घायलों की पहचान सेवई गांव निवासी महावत जाफर अंसारी (20) पुत्र राजू अंसारी और फैयाज अंसारी (15) पुत्र जियाऊ अंसारी के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची बेलीपार पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि हाथी खजनी थाना क्षेत्र के छपिया गांव निवासी हरीश सिंह का था।
हादसे की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हाथी की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश और मामले की जांच में जुटी है। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से सड़क पर होने वाले हादसों के खतरे को उजागर किया है।
69 likes
687 views0 comments0 shares