उनवल में रामलीला के चौथे दिन सूर्पनखा प्रसंग से बाली वध तक का भव्य मंचन, दर्शक हुए मंत्रमुग्ध

उनवल, गोरखपुर। रामलीला समिति उनवल के तत्वावधान में आयोजित रामलीला के चौथे दिन सूर्पनखा प्रसंग, खर-दूषण वध, सीता हरण, श्रीराम-सुग्रीव मित्रता और बाली वध का भव्य मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर के गणमान्य लोगों ने भगवान श्रीराम की आरती एवं पूजन-अर्चन कर किया। कलाकारों के सजीव अभिनय, प्रभावशाली संवाद और आकर्षक युद्ध दृश्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। माता सीता के हरण के मार्मिक दृश्य ने दर्शकों को भावुक किया, वहीं श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता तथा बाली वध के मंचन पर दर्शकों ने खूब सराहना की। रामलीला देखने के लिए उनवल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे पहुंचे। पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा। इस आयोजन के माध्यम से लोगों को मर्यादा, सत्य, धर्म और मित्रता का संदेश दिया जा रहा है। रामलीला समिति की यह पहल क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। #Unwal #Gorakhpur #Ramleela #ShriRam #BaliVadh #SitaHaran #KharmDushan #BansgaonSandesh