Gorakhpur∨

Post

Dk Pandey
Gorakhpur•about 7 hours ago

रबी की बुवाई के बीच दस समितियों से डीएपी गायब, महंगी खाद ने किसानों की बढ़ाई मुश्किलें

रबी की बुवाई के बीच दस समितियों से डीएपी गायब, महंगी खाद ने किसानों की बढ़ाई मुश्किलें

घघसरा, गोरखपुर। रबी फसलों की बुवाई के महत्वपूर्ण समय में पाली विकासखंड के किसानों के सामने खाद का संकट खड़ा हो गया है। क्षेत्र की सभी दस साधन सहकारी समितियों से डीएपी खाद गायब है। समितियों पर पहुंचने वाले किसानों को डीएपी के बजाय 2150 रुपये प्रति बोरी की दर से नई एनपीके खाद दी जा रही है। ऐसे में आर्थिक रूप से परेशान किसान महंगी खाद खरीदने को मजबूर हैं। किसानों का कहना है कि पहले समितियों पर डीएपी की एक बोरी 1350 रुपये में मिलती थी, जबकि अब निजी दुकानों पर भी डीएपी 1600 रुपये प्रति बोरी उपलब्ध है। खाद की किल्लत और बढ़ती कीमतों ने खेती की लागत बढ़ा दी है। किसानों को चिंता सता रही है कि समय से खाद नहीं मिली तो फसलों की बुवाई प्रभावित होगी। घघसरा, तिलौरा, पाली, चड़राव, सेमरडाड़ी, रिठुआखोर, डुमरी, मिनवा, नेवास और बनौली समितियों पर डीएपी उपलब्ध नहीं है। उपेंद्र, हासपाटी, अष्टभुजा, बेद प्रकाश, रत्नेश, नीतेश और विष्णु ठाठेबारी सहित किसानों ने नाराजगी जताते हुए खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की है। प्रभारी सहायक विकास अधिकारी सहकारिता शशि प्रकाश गुप्ता ने बताया कि डीएपी की जगह आई नई एनपीके खाद की गुणवत्ता बेहतर है। कीमत अधिक होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार से ही महंगी खाद मिल रही है, इसलिए समितियों पर भी महंगे दाम पर बेची जा रही है।

69 likes
694 views0 comments0 shares