Gazipur•1 day ago
छठ पूजा के दौरान तीन घरों में चोरी करने वाले तीन अभियुक्त गिरफ्तार, पांच लाख के आभूषण बरामद

72 घंटे के भीतर नंदगंज पुलिस ने किया चोरी की घटना का खुलासा, चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद
गाजीपुर, 19 नवंबर। छठ पर्व के दौरान घरों में ताला बंद कर पूजा-अर्चना के लिए घाट पर गए लोगों के मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले तीन अभियुक्तों को नंदगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी की घटना का 72 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, लगभग पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार, छठ पर्व के दौरान कुछ परिवार अपने घरों में ताला बंद कर पूजा-अर्चना के लिए घाट पर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने नंदगंज थाना क्षेत्र के तीन घरों का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। मामले में थाना नंदगंज पर मुकदमा अपराध संख्या 361/2026 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी।इसी क्रम में गुरुवार, 19 नवंबर को उपनिरीक्षक हरीश चंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम कुसुम्ही कलां पोखरे के पास स्थित कूड़ाघर के निकट घेराबंदी कर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आशीष कुमार पुत्र रविन्द्र राम (20 वर्ष), रोहित कुमार पुत्र अवधेश नारायण राम (23 वर्ष) तथा आशीष कुमार पुत्र अरुण कुमार (19 वर्ष), निवासी ग्राम धरवां, थाना नंदगंज, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।पुलिस ने इनके कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, तीन मंगलसूत्र के लाकेट, दो जोड़ी कान के टॉप्स, दो जोड़ी झुमके, एक जोड़ी झाला, एक छोटा हार, दो गले की सिकड़ी, तीन अंगूठियां और सात गुरिया पीली धातु के आभूषण बरामद किए। इसके अलावा चार जोड़ी पायल सफेद धातु की, दो मल्टीमीडिया मोबाइल हैंडसेट तथा चोरी की घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त आशीष कुमार पुत्र रविन्द्र राम का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध नंदगंज थाने में चोरी से संबंधित दो अन्य मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2025 का मुकदमा अपराध संख्या 341/2025 तथा वर्ष 2026 का मुकदमा अपराध संख्या 327/2026 शामिल है।इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र तथा उपनिरीक्षक हरीश चंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से छठ पर्व के दौरान हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे में सफलता मिली है।
99 likes
986 views0 comments0 shares