Gorakhpur∨

Post

Kailash Bihari
Sonbhadra•1 day ago

मीडिया हाउस कार्यालय पर निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, 75 मरीजों की हुई जांच

Slide 1
Slide 2
1/2
मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चित्रकूट भेजा गया, जरूरतमंदों को वितरित किए गए चश्मे **डाला, सोनभद्र।** गांधीनगर बारी स्थित मीडिया हाउस प्रेस कार्यालय में गुरुवार को श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट, चित्रकूट के सहयोग से निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में आयोजित शिविर में कुल 75 मरीजों की आंखों की जांच की गई। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। वहीं, जांच में मोतियाबिंद की शिकायत मिलने पर मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन के लिए ट्रस्ट के वाहन से चित्रकूट अस्पताल भेजा गया। शिविर आयोजक डॉ. ए.के. गुप्ता (रौनियार) ने कहा कि बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में प्रदूषण की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। धूल और प्रदूषण के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। आंखों से संबंधित बीमारियों के मरीजों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय है। जिला प्रशासन को इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने बताया कि मीडिया हाउस की ओर से समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि खनन क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों और आसपास के ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। आगे भी प्रत्येक माह की 19 तारीख को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक मीडिया हाउस कार्यालय पर निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें श्री सद्गुरु सेवा संघ, चित्रकूट के चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे। ### खनन पट्टाधारकों द्वारा मेडिकल कैंप नहीं कराने का आरोप डॉ. गुप्ता ने आरोप लगाया कि शासन और खनन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार खनन पट्टाधारकों को प्रत्येक तीन माह में मेडिकल कैंप आयोजित कराकर श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच करानी चाहिए। इसके बावजूद क्षेत्र में कई पट्टाधारकों द्वारा इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने जिलाधिकारी और खान अधिकारी से मांग की कि खनन श्रमिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए प्रत्येक तीन माह में मेडिकल कैंप आयोजित कराना सुनिश्चित किया जाए और नियमों का पालन नहीं करने वाले पट्टाधारकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। ### क्रशर प्लांटों से फैल रहे प्रदूषण पर जताई नाराजगी बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र में संचालित क्रशर प्लांटों से फैल रहे प्रदूषण को लेकर भी डॉ. गुप्ता ने चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई स्थानों पर प्रदूषण नियंत्रण के मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे आसपास के ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धूल और प्रदूषण के कारण लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी से मांग की कि प्रदूषण फैलाने वाले क्रशर प्लांटों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। मानकों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा नियमों का पालन नहीं करने वाले प्लांटों को सीज किया जाए। डॉ. गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र की जनता को स्वच्छ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए जिला प्रशासन, खनन विभाग और प्रदूषण नियंत्रण विभाग को संयुक्त रूप से ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
80 likes
798 views0 comments0 shares