Gorakhpur∨

Post

Ved Pandey
Gazipur•about 7 hours ago

विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 30 नवंबर तक सड़कों

विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 30 नवंबर तक सड़कों
विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 30 नवंबर तक सड़कों की मरम्मत की मांगी रिपोर्ट प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की, हर घर नल योजना, बिजली, आवास और रोजगार पर अधिकारियों को दिए निर्देश गाजीपुर।जनपद के विकास कार्यों में तेजी लाने और आम जनता को शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को राइफल क्लब कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्री ने विभागवार योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, आवास, मनरेगा, पेंशन और राशन वितरण सहित शासन की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से जनपद में सड़कों की कुल लंबाई, अब तक कितने किलोमीटर सड़कों की मरम्मत कराई गई है तथा 30 नवंबर तक कितनी सड़कों की मरम्मत पूरी हो जाएगी, इसकी विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।हर घर नल योजना की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि स्थलीय जांच कराई जाए कि संबंधित कंपनी अथवा ठेकेदार वास्तव में कार्य कर रहे हैं या नहीं। जिन स्थानों पर धनराशि के अभाव में काम रुका हुआ है, उसकी भी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि जर्जर तारों की मरम्मत कराई जाए तथा सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लटक रहे बिजली के तारों को व्यवस्थित किया जाए, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त हो सके। आवास योजनाओं की समीक्षा के दौरान परियोजना निदेशक से जानकारी लेते हुए मंत्री ने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ देने में पारदर्शिता बरती जाए। आवेदन में यदि किसी दस्तावेज की कमी है तो आवेदक को स्पष्ट रूप से इसकी जानकारी दी जाए, ताकि आवश्यक कागजात पूरे कराकर पात्र लोगों को लाभान्वित किया जा सके। सामूहिक विवाह योजना की प्रगति की भी जानकारी ली गई।युवाओं के रोजगार और स्वरोजगार पर विशेष जोर देते हुए प्रभारी मंत्री ने जिला सेवायोजन अधिकारी से अब तक रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने कॉलेजों और विद्यालयों में कार्यशालाएं आयोजित कर विद्यार्थियों को रोजगार सृजन एवं स्वरोजगार के अवसरों के बारे में जागरूक करने का निर्देश दिया। साथ ही जनपद में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों की प्रगति की भी समीक्षा की।प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को अपनी प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचाने की हिदायत दी।बैठक में जनपद की कानून व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई। अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे, इसके लिए पुलिस नियमित गश्त करे और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखे।जनसुनवाई, आईजीआरएस पोर्टल तथा जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि जनता के साथ मधुर व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।बैठक में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, सुभासपा अध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
97 likes
971 views0 comments0 shares