Post

Dk Pandey
Gorakhpur•about 2 hours ago

चोरी की फर्जी कहानी से पुलिस हलकान, जांच में खुली पोल

चोरी की फर्जी कहानी से पुलिस हलकान, जांच में खुली पोल

पुरानी रंजिश में दूसरे पक्ष को फंसाने की साजिश, घर का सामान बिखेरकर दी चोरी की सूचना ll घघसरा गोरखपुर । पुरानी रंजिश में दूसरे पक्ष को फंसाने के लिए चोरी की फर्जी कहानी रचने का मामला सामने आया है। घर का सामान खुद बिखेरकर चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो चोरी की कहानी की पोल खुल गई। शुरुआती जांच में मामला मारपीट के पुराने विवाद में पेशबंदी का निकला। मामला सहजनवां थाना क्षेत्र के सेहुड़ा गांव का है। बीते आठ नवंबर की रात दरवाजे पर पटाखा फोड़ने से मना करने पर कुछ लोगों ने एक बुजुर्ग पर लाठी-डंडे और पंच से हमला कर दिया था। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए थे। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। घायल बुजुर्ग के भाई राकेश मणि त्रिपाठी की तहरीर पर पुलिस ने सुरेंद्र साहनी, सुजीत साहनी, जासमती, आसमती समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी बीच बुधवार सुबह आरोपित पक्ष के परिजनों ने घर में चोरी होने की सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तो चोरी की घटना फर्जी निकली। आरोप है कि पुराने विवाद में दूसरे पक्ष को फंसाने के लिए यह साजिश रची गई थी। चौकी प्रभारी समधिया प्रीतेश तिवारी ने बताया कि आठ नवंबर को बुजुर्ग पर हमला हुआ था, जिसमें मुकदमा दर्ज है। बुधवार को चोरी की सूचना मिली थी। जांच में चोरी की घटना फर्जी पाई गई।

0 likes
0 comments0 shares