अब घर बैठे स्मार्टफोन से जमा होगा पेंशनरों का जीवन प्रमाणपत्र

अब घर बैठे स्मार्टफोन से जमा होगा पेंशनरों का जीवन प्रमाणपत्र, कोषागार में एक माह तक निःशुल्क शिविर डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 के तहत 30 नवंबर तक मिलेगी सुविधा, गाजीपुर कोषागार से जुड़े करीब 25 हजार पेंशनरों को होगा लाभ गाजीपुर, 13 नवंबर 2026। जिले के हजारों पेंशनभोगियों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें सालाना जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए कोषागार और बैंकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पेंशनर घर बैठे अपने स्मार्टफोन के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकेंगे। इसके लिए शासन की ओर से एक नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 संचालित किया जा रहा है।इसी क्रम में वरिष्ठ कोषाधिकारी मंगलेश सिंह पालीवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को जनपद के पेंशनर संघ के अध्यक्षों एवं मंत्रियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनवाने और जमा करने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि पेंशनरों की सुविधा के लिए वरिष्ठ कोषाधिकारी कार्यालय में एक महीने तक निःशुल्क शिविर लगाया गया है। इस शिविर में विशेष रूप से ऐसे बुजुर्ग पेंशनरों की सहायता की जाएगी, जिन्हें स्मार्टफोन या डिजिटल तकनीक की जानकारी नहीं है।उन्होंने बताया कि गाजीपुर कोषागार से उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों तथा अन्य प्रदेशों के लगभग 25 हजार पेंशनभोगी जुड़े हुए हैं। इसके अतिरिक्त केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के भी हजारों पेंशनर जनपद में हैं। इन सभी पेंशनरों को अपनी पेंशन निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए प्रत्येक वर्ष निर्धारित समय पर जीवित होने का प्रमाणपत्र देना अनिवार्य होता है।वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि शासन की मंशा अधिक से अधिक पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र की सुविधा से जोड़ने की है। पेंशनर बैंक, डाकघर और जनसेवा केंद्र के माध्यम से भी अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं। इसके अलावा स्मार्टफोन की मदद से स्वयं भी घर बैठे यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इससे बुजुर्गों को अनावश्यक भागदौड़ और परेशानियों से राहत मिलेगी।पेंशनर अथवा उनके परिवार का कोई सदस्य इस प्रक्रिया के माध्यम से आसानी से डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र तैयार कर सकता है। इसके लिए सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर से आधार फेस आईडी और जीवन प्रमाण ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद जीवन प्रमाण ऐप खोलकर ऑपरेटर के रूप में आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना होगा।इसके बाद पेंशनर का नाम, पीपीओ नंबर, बैंक खाता संख्या और पेंशन स्वीकृति प्राधिकारी (पेंशन सैंक्शनिंग अथॉरिटी) का विवरण दर्ज करना होगा। फिर मोबाइल का फ्रंट कैमरा चालू कर ऐप पर दिए गए निर्देशों के अनुसार चेहरे की स्कैनिंग करानी होगी। इस दौरान पेंशनर को अपनी पलकें झपकानी होंगी। चेहरा सफलतापूर्वक स्कैन होने के बाद स्क्रीन पर प्रमाणन सफल होने का संदेश दिखाई देगा। इसके बाद मोबाइल पर जीवन प्रमाण पत्र आईडी का एसएमएस प्राप्त होगा, जिसके माध्यम से प्रमाणपत्र पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकेगा।प्रशासन ने पेंशनरों से अपील की है कि वे 30 नवंबर तक इस अभियान का लाभ उठाकर अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र समय से जमा कर दें, जिससे उनकी पेंशन का भुगतान निर्बाध रूप से जारी रह सके।