Post

Kailash Bihari
Sonbhadra•about 24 hours ago

डाला में बड़ा हादसा टला: छठ घाट पर गहरे पानी में डूब रहे मासूम को युवकों ने बचाया

डाला में बड़ा हादसा टला: छठ घाट पर गहरे पानी में डूब रहे मासूम को युवकों ने बचाया

डाला में बड़ा हादसा टला: छठ घाट पर गहरे पानी में डूब रहे सात वर्षीय मासूम को दो युवकों ने बचाया सभासद अवनीश देव उर्फ डब्लू पांडेय और विनय सिंह गोंड ने दिखाई बहादुरी, समय रहते बच्चे को सुरक्षित निकाला डाला, सोनभद्र। नगर पंचायत डाला बाजार के कुरदहवा नाला स्थित छठ घाट पर शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छठ पूजा के लिए परिजनों के साथ पहुंचे सात वर्षीय मासूम बालक अचानक गहरे पानी में गिरकर डूबने लगा। बच्चे को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष के छोटे भाई विनय सिंह गोंड और वार्ड नंबर दो के सभासद अवनीश देव उर्फ डब्लू पांडेय ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए बिना देर किए गहरे पानी में छलांग लगा दी और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम को कुरदहवा नाला स्थित छठ घाट पर खरना एवं छोटी छठ के अवसर पर व्रती महिलाएं बेदी पूजन के लिए पहुंची थीं। इसके चलते घाट पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ जुटी हुई थी। इसी दौरान नई बस्ती डाला निवासी नारायण के लगभग सात वर्षीय पुत्र शिवम कुमार भी अपने परिजनों के साथ छठ घाट पर पहुंचा था। खेलते-खेलते अचानक उसका पैर फिसल गया और वह घाट के गहरे पानी में जा गिरा। मासूम को पानी में डूबता देख कुछ पल के लिए घाट पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच छठ घाट की व्यवस्थाओं में लगे विनय सिंह गोंड एवं वार्ड नंबर दो के सभासद अवनीश देव उर्फ डब्लू पांडेय की नजर बच्चे पर पड़ी। दोनों युवकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना तत्काल पानी में छलांग लगा दी और काफी मशक्कत के बाद डूब रहे मासूम शिवम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि बच्चा सुरक्षित है। दोनों युवकों की सूझबूझ, साहस और तत्परता की मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने सराहना की। उनकी बहादुरी से एक परिवार की खुशियां उजड़ने से बच गईं। छठ घाट पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।

0 likes
0 comments0 shares