मरदह में बारात के दौरान हर्ष फायरिंग गोली के छर्लरे लगने से दो युवक घायल

मरदह में बारात के दौरान हर्ष फायरिंग, गोली के छर्रे लगने से दो युवक घायल दूल्हे का भाई निकला फायरिंग करने वाला, सेना में हवलदार के पद पर है तैनात; पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में लिया गाजीपुर। थाना मरदह क्षेत्र के दुरकुसी गांव में बुधवार की देर रात बारात में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली के छर्रे लगने से दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मऊ भेजा गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12/13 नवंबर की मध्यरात्रि दुरकुसी गांव में बारात आई हुई थी। इसी दौरान दूल्हे के भाई मनोज (40 वर्ष), जो भारतीय सेना में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं, ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर की डबल बैरल (डीबीबीएल) बंदूक से कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक हर्ष फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान निकले छर्रे लगने से सौरभ (20 वर्ष) पुत्र दिलीप और टिंकू (18 वर्ष) पुत्र सुब्बा राम घायल हो गए। इनमें एक युवक की कमर तथा दूसरे के हाथ में छर्रे लगे हैं।घटना की सूचना मिलते ही मरदह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हर्ष फायरिंग करने के आरोपी मनोज को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक भी जब्त कर ली है।पुलिस के अनुसार, मामले में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी के शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट प्रेषित की जा रही है। बारात में हुई इस घटना ने एक बार फिर शादी-विवाह समारोहों में हर्ष फायरिंग के खतरनाक परिणामों को उजागर किया है।