Gorakhpur∨

Post

Anup singh
Gorakhpur•about 4 hours ago

Gorakhpur: बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पांच दिन से सीटी स्कैन मशीन खराब, मरीजों की बढ़ी परेशानी; निजी सेंटरों पर देना पड़ रहा दोगुना पैसा

Gorakhpur: बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पांच दिन से सीटी स्कैन मशीन खराब, मरीजों की बढ़ी परेशानी; निजी सेंटरों पर देना पड़ रहा दोगुना पैसा
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू चिकित्सालय में सीटी स्कैन मशीन पिछले पांच दिनों से खराब बताई जा रही है। मशीन बंद होने के कारण अस्पताल में इलाज कराने पहुंच रहे मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सीटी स्कैन की जरूरत पड़ने पर मरीजों को मजबूरन निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां उन्हें सरकारी अस्पताल की अपेक्षा अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, नेहरू चिकित्सालय की सीटी स्कैन मशीन खराब होने से जांच व्यवस्था प्रभावित है। हालांकि, अस्पताल परिसर में स्थित 500 बेड वाले अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन 24 घंटे संचालित होने की बात सामने आ रही है, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण नेहरू चिकित्सालय में भर्ती और उपचार करा रहे मरीजों को वहां तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। सबसे अधिक परेशानी आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उठानी पड़ रही है। सरकारी अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा बाधित होने के कारण उन्हें बाहर निजी सेंटरों पर जांच करानी पड़ रही है। आरोप है कि निजी केंद्रों पर इसके लिए उन्हें लगभग दोगुना तक पैसा खर्च करना पड़ रहा है। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि सरकारी मेडिकल कॉलेज में बेहतर जांच सुविधाओं की उम्मीद लेकर आते हैं, लेकिन मशीन खराब होने के कारण उन्हें बाहर जाना पड़ रहा है। मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से जल्द से जल्द सीटी स्कैन मशीन की मरम्मत कराकर जांच सुविधा बहाल कराने की मांग की है, ताकि उन्हें आर्थिक और शारीरिक परेशानी से राहत मिल सके। अब सवाल यह है कि जब मेडिकल कॉलेज जैसे बड़े संस्थान में पांच दिनों से सीटी स्कैन मशीन खराब है, तो मरीजों को राहत देने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं सुनिश्चित की जा रही है?
56 likes
559 views0 comments0 shares