Gorakhpur•about 1 hour ago
जेसीबी ने बुझाया घर का चिराग, 14 वर्षीय छात्र की

जेसीबी ने बुझाया घर का चिराग, 14 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत
हादसे के बाद चालक और मालिक पर मुकदमा, पांच लाख की सहायता
डीएम दीपक मीणा और एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को दिया भरोसा
गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र के कुड़ाघाट स्थित आवास विकास कॉलोनी चौराहे पर जेसीबी की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। इकलौते नहीं, बल्कि परिवार के बड़े बेटे आर्यवर्धन की असमय मौत से घर में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आर्यवर्धन सिंह आवास विकास कॉलोनी, कुड़ाघाट निवासी ओमकार सिंह के बड़े बेटे थे। वह एयरफोर्स केंद्रीय विद्यालय में पढ़ाई कर रहे थे। बताया जा रहा है कि कुड़ाघाट चौराहे पर जेसीबी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के समय जेसीबी पर कई लोग सवार थे। दुर्घटना होते ही चालक और जेसीबी पर सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसपी सिटी निमिष पाटिल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। परिजनों ने जेसीबी चालक और मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनकी मांग पर दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हादसे के बाद जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की पहल की। मुख्यमंत्री राहत कोष से परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता दे दी गई है। जिलाधिकारी ने परिजनों को आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में प्रशासन उनके साथ खड़ा है और परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।
महज 14 साल की उम्र में आर्यवर्धन की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। जिस उम्र में बच्चे अपने भविष्य के सपने बुनते हैं और परिवार की उम्मीद बनते हैं, उसी उम्र में एक दर्दनाक हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और भारी मशीनों के संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग उठाई है।
110 likes
1,097 views0 comments0 shares