दिवाली और छठ महापर्व को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे अलर्ट, यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम

दिवाली और छठ महापर्व को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे अलर्ट, यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम गोरखपुर। दिवाली एवं छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रशासन विशेष इंतजाम कर रहा है। रेलवे प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन और नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए आरपीएफ, जीआरपी तथा रेलवे कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी, ताकि त्योहारों के दौरान किसी भी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। स्पेशल ट्रेनों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। वहीं, रेलवे कंट्रोल रूम के माध्यम से ट्रेनों के संचालन और प्रमुख स्टेशनों की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि दिवाली और छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की यात्रा सुरक्षित और आरामदायक हो। त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।