Gorakhpur•1 day ago
स्वीप कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को किया जागरूक, क्विज और निबंध प्रतियोगिता आयोजित

मेरा वोट, मेरा अधिकार का संदेश देकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील
सहजनवा। गोरखपुर।
सहजनवा ब्लॉक अंतर्गत खीरीडाड़ स्थित पीएम श्री कम्पोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को भारत निर्वाचन आयोग के स्वीप (सिस्टमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के बीच क्विज और निबंध प्रतियोगिता आयोजित कर उन्हें मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज और परिवारों तक मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाना तथा लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना रहा। प्रतियोगिताओं में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से मतदाता सूची, मतदान के अधिकार और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे गए। वहीं निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने लोकतंत्र की मजबूती में मतदान की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी योग्य नागरिकों को मतदाता बनना चाहिए और मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचना चाहिए। साथ ही प्रत्येक पात्र नागरिक को बिना किसी दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान 'मेरा वोट, मेरा अधिकार', 'मेरा वोट, मेरी ताकत', 'पहले मतदान, फिर जलपान', 'वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है' और 'जागरूक मतदाता, सशक्त लोकतंत्र' जैसे नारों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार राय ने बताया कि विद्यालय में स्वीप कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और मतदान के महत्व के प्रति समझ विकसित होती है। जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की असली पहचान हैं।
59 likes
592 views0 comments0 shares