Deoria•about 1 hour ago
मारपीट के बाद जान से मारने की धमकी, 65 वर्षीय

मारपीट के बाद जान से मारने की धमकी, 65 वर्षीय बुजुर्ग ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
पुलिस चौकी और कोतवाली में शिकायत के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं होने का आरोप, परिवार दहशत में
देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छितही निवासी 65 वर्षीय देवेंद्र कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय हवलदार सिंह ने मारपीट और परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस अधीक्षक देवरिया से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित देवेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, 24 नवंबर 2026 की सुबह करीब आठ बजे उनकी गाय का बछड़ा पड़ोस में रहने वाली मीरा सिंह पत्नी शंभू सिंह के दरवाजे पर पहुंच गया था। जब वह बछड़े को पकड़ने के लिए वहां पहुंचे तो आरोप है कि मीरा सिंह ने फावड़े से बछड़े पर हमला कर दिया। इसी दौरान देवेंद्र कुमार सिंह बछड़े की रस्सी पकड़ने के लिए झुके, तभी फावड़े का बेंट उनके सीने पर लग गया और वह जमीन पर गिर पड़े।
आरोप है कि जमीन पर गिरने के बाद मीरा सिंह ने उनके ऊपर चढ़कर सीने पर लात-घूंसों से हमला किया। उनकी चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें हमलावर से बचाया और घर पहुंचाया।
पीड़ित ने बताया कि वह पहले से हृदय रोग से पीड़ित हैं और उनके दिल में स्टेंट पड़ा हुआ है। ऐसे में सीने पर चोट लगने के कारण उनकी परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने घटना को अपने स्वास्थ्य के लिए गंभीर बताते हुए पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है।
देवेंद्र कुमार सिंह का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने रामलक्ष्मण पुलिस चौकी और रुद्रपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन अब तक उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। उनका यह भी आरोप है कि मीरा सिंह के दोनों पुत्र साहिल और निखिल फोन के माध्यम से उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को बार-बार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
पीड़ित के मुताबिक, लगातार मिल रही धमकियों के चलते उनका पूरा परिवार भय और दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है। परिवार को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। इसी को लेकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी और मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की।
अब देखना यह होगा कि पुलिस अधीक्षक के स्तर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।
74 likes
737 views0 comments0 shares