ब्लॉक प्रमुख ई. शशी प्रताप सिंह ने फीता काटकर किया राष्ट्रीय पशु आरोग्य शिविर का शुभारंभ

घघसरा, गोरखपुर। सहजनवां विधानसभा क्षेत्र के पाली ब्लॉक अंतर्गत ग्रामसभा हासपाटी (सजनापार) में मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक दिवसीय विकास खंड स्तरीय राष्ट्रीय पशु आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि पाली ब्लॉक प्रमुख ई. शशी प्रताप सिंह ने फीता काटकर शिविर का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पशुपालकों को पशुओं की बेहतर देखभाल और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए जागरूक किया। ई. शशी प्रताप सिंह ने कहा कि पशुपालकों की खुशहाली के लिए पशुओं का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे शिविरों से पशुपालकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है। शिविर में पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार एवं टीकाकरण किया गया। साथ ही पशुपालन विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पशु चिकित्सकों ने पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के उपाय भी बताए। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में पशुपालकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।