Gorakhpur•about 9 hours ago
पेड़ से टकराई अनियंत्रित कार, महिला की मौत, चार घायल

पेड़ से टकराई अनियंत्रित कार, महिला की मौत, चार घायल ।
मदरिया ।
-------------------
गोरखपुर से मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था परिवार, हादसे में पिता-पुत्र समेत चार घायल....
गोला थाना क्षेत्र के गोला-कौड़ीराम मार्ग पर बर्राह चौराहे के पास रविवार तड़के करीब ढाई बजे एक अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार 50 वर्षीय बिंदू देवी पत्नी रघुवर जायसवाल की मौत हो गई, जबकि कार चालक राहुल मिश्रा (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार रघुवर जायसवाल (55), उनके पुत्र शुभम (25) और आकाश (20) भी घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत गोला के सुअरज निवासी रघुवर जायसवाल रविवार को परिवार के साथ गोरखपुर में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय गांव का ही आकाश भी उनके साथ कार में सवार हो गया। कार एचआर 51 बीएच 1361 खदरा निवासी राजेश विश्वकर्मा की बताई जा रही है, जिसे खदरा निवासी राहुल मिश्रा चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार पर हरियाणा राज्य का नंबर अंकित था।
बताया जा रहा है कि बर्राह चौराहे के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर सड़क के बाईं ओर उतर गई और पेड़ से टकरा गई। चालक को नींद आने की आशंका भी जताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। चालक की तरफ से टक्कर होने के कारण चालक राहुल मिश्रा और उनके पीछे बैठी बिंदू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने सभी घायलों को सीएचसी गोला पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने बिंदू देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल चालक राहुल मिश्रा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के करीब एक घंटे बाद दुर्घटनाग्रस्त कार को मौके से हटा दिया गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। खबर लिखे जाने तक थाने पर कोई लिखित तहरीर नहीं पड़ी थी तथा शव मृतका के घर पर था।
102 likes
1,018 views0 comments0 shares