Gorakhpur∨

Post

Ved Pandey
Gazipur•2 days ago

पांच साल से अधिक पुराने राजस्व वादों का प्राथमिकता पर हो निस्तारण : जिलाधिकारी

पांच साल से अधिक पुराने राजस्व वादों का प्राथमिकता पर हो निस्तारण : जिलाधिकारी
जनता दर्शन में डीएम अनुपम शुक्ला ने सभी एसडीएम को दिए निर्देश, खाद-बीज की उपलब्धता से लेकर गोआश्रय स्थलों की व्यवस्था तक पर सख्ती गाजीपुर, 19 नवंबर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद में प्रशासनिक कार्यों को प्रभावी बनाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए समस्त उपजिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पांच साल से अधिक समय से लंबित सभी वादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए। लंबित मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जनता दर्शन के दौरान शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व वादों के निस्तारण में तेजी लाई जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक रूप से न्यायालयों और तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। सभी उपजिलाधिकारी पुराने मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित करें।किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि एआर कोऑपरेटिव के साथ समन्वय स्थापित कर लेखपालों की ड्यूटी लगाई जाए और खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। किसानों को बुवाई के लिए खाद-बीज प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें इधर-उधर भटकना न पड़े।गोवंश संरक्षण को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी गोआश्रय स्थलों पर गोवंशों के लिए चारा, पानी, प्रकाश और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध रहनी चाहिए। संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखें, ताकि गोवंशों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।जिलाधिकारी ने धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर मूर्ति स्थापना के संबंध में निर्देशित किया कि कहीं भी बिना अनुमति के मूर्ति स्थापित न होने पाए। इस संबंध में सभी उपजिलाधिकारी स्वयं निगरानी रखें और शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराएं।आगामी दिनों में कोहरे की संभावना को देखते हुए सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-31, गाजीपुर-बारा-बक्सर मार्ग, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे सहित जनपद के अन्य प्रमुख मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, रिफ्लेक्टर तथा अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय समय से पूरे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोहरे के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए संबंधित विभाग पहले से ही सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें।शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी प्रवेश मार्गों और इंट्री पॉइंट्स पर संबंधित अधिशासी अधिकारी तथा खंड विकास अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर साफ-सफाई सुनिश्चित कराएं। इसके साथ ही कर्मचारियों के लंबित मानदेय के मामलों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी से संवाद स्थापित कर उनका शीघ्र निस्तारण कराने को कहा।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दें और निर्धारित जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
52 likes
516 views0 comments0 shares