
घघसरा में निःशुल्क नेत्र शिविर, 300 मरीजों की जांच और 250 को मिले चश्मे

घघसरा/गोरखपुर, बांसगांव संदेश। नगर पंचायत घघसरा कार्यालय परिसर में मंगलवार को राज आई हॉस्पिटल, गोरखपुर के सौजन्य से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। चेयरमैन प्रभाकर दुबे ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में करीब 300 मरीजों की आंखों की जांच की गई, जबकि 250 जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। जांच के दौरान मोतियाबिंद सहित आंखों की विभिन्न समस्याओं से पीड़ित मरीज सामने आए। आयोजकों के अनुसार, इनमें से 50 मरीजों का राज आई हॉस्पिटल में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कराया जाएगा। चेयरमैन प्रभाकर दुबे ने घोषणा की कि चश्मा वितरण और ऑपरेशन का पूरा खर्च वह स्वयं वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है। शिविर में डॉ. डी.डी. द्विवेदी, डॉ. अंकित यादव, समीर अहमद, मोहम्मद हारून, राजेन्द्र यादव सहित सभासद और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंदों के लिए उपयोगी बताया।