Gazipur•about 2 hours ago
12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी सुलह-समझौते से होगा वादों का निस्तारण

12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी सुलह-समझौते से होगा वादों का निस्तारण
गाजीपुर जनपद न्यायालय सहित सैदपुर, मुहम्मदाबाद, जखनियां और जमानियां में होगा आयोजन, अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण पर जोर
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आगामी 12 दिसंबर 2026 को जनपद में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत जनपद न्यायालय गाजीपुर, बाह्य न्यायालय सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद तथा ग्राम न्यायालय जखनियां और जमानियां सहित विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों में लंबित मामलों का निस्तारण किया जाएगा।राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बुधवार को जनपद न्यायालय गाजीपुर के दसकक्षीय सभागार में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या-01 एवं लोक अदालत के नोडल अधिकारी शक्ति सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें जिला आबकारी विभाग, महिला कल्याण विभाग, राज्य कर विभाग, श्रम विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग तथा खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों एवं पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव बलराम दास ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के तहत लोक अदालत में निस्तारित किए जाने वाले विभिन्न प्रकार के मामलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, छोटे एवं लघु आपराधिक वाद, पारिवारिक विवाद, धारा 138 एनआई एक्ट, स्टाम्प एवं पंजीयन वाद, मोटर दुर्घटना अधिनियम से संबंधित मामले, चकबंदी वाद, श्रम वाद, उपभोक्ता फोरम के मामले, बाट-माप अधिनियम, कराधान प्रकरण और बिजली चोरी से संबंधित वादों का निस्तारण कराया जाएगा।इसके अलावा सुलह-समझौते एवं मध्यस्थता के माध्यम से वैवाहिक विवादों का समाधान कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने विभागों से संबंधित अधिक से अधिक ऐसे मामलों को चिह्नित कर लोक अदालत में प्रस्तुत करने की तैयारी करें, जिनका निस्तारण आपसी सहमति से संभव है।बैठक में मीडिया कर्मियों तथा बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिकाधिक वादों के निस्तारण को लेकर भी चर्चा की गई।नोडल अधिकारी शक्ति सिंह एवं सचिव बलराम दास ने लोक अदालत के माध्यम से आमजन को त्वरित, सुलभ और कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी प्रयास करने पर जोर दिया। लोक अदालत में आपसी सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का निस्तारण कराकर लोगों को अनावश्यक मुकदमेबाजी से राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
95 likes
950 views0 comments0 shares