Post

Pradhan Pravasi
Gorakhpur•25 days ago

राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के तीसरे दिन बालकों ने दिखाया दम *16

राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के तीसरे दिन बालकों ने दिखाया दम *16

राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के तीसरे दिन बालकों ने दिखाया दम *16 मंडलों की 16 टीमें मैदान में उतरीं, 135 खिलाड़ी आज करेंगे प्रतिभा का प्रदर्शन।* सहजनवां, (गोरखपुर)। मुरारी इंटर कॉलेज, सहजनवां में आयोजित पांच दिवसीय राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के तीसरे दिन सोमवार से बालक वर्ग के मुकाबलों का आगाज हुआ। प्रदेश के 16 मंडलों से पहुंची टीमों के लगभग 300 खिलाड़ी प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं। तीसरे दिन विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में कुल 135 प्रतिभागी मैदान में उतरे। खिलाड़ियों के बीच सुबह से ही रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिनभर चले मुकाबलों के परिणाम देर रात तक जारी होने की संभावना है। बालक वर्ग में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। तीसरे दिन अंडर-14 आयु वर्ग के 23 किलोग्राम और 25 किलोग्राम भार वर्ग में खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से प्रभावित किया। खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल के साथ तकनीक, अनुशासन और खेल भावना का भी परिचय दिया। *23 किलोग्राम भार वर्ग में लखनऊ के देव ने मारी बाजी।* अंडर-14 के 23 किलोग्राम भार वर्ग में लखनऊ मंडल के देव ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। बरेली मंडल के हिमांशु ने रजत पदक प्राप्त किया। गोरखपुर मंडल के यश और आगरा मंडल के श्रेयस को कांस्य पदक मिला। *अंडर-14 के 25 किलोग्राम भार वर्ग में इंद्रजीत ने जीता स्वर्ण।* अंडर-14 आयु वर्ग के 25 किलोग्राम भार वर्ग में बरेली मंडल के इंद्रजीत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। मुरादाबाद मंडल के वंश ने रजत पदक अपने नाम किया। वहीं लखनऊ मंडल के गुरुमीत और कानपुर मंडल के आयुष ने कांस्य पदक हासिल किया। *17 रेफरी संभाल रहे प्रतियोगिता की कमान।* राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के मुकाबलों को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कुल 17 रेफरी मैदान में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इनमें 14 पुरुष और तीन महिला रेफरी शामिल हैं। रेफरी खिलाड़ियों के प्रदर्शन, तकनीक और नियमों के अनुरूप मुकाबलों का संचालन कर रहे हैं। *शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह।* प्रतियोगिता के दौरान संयुक्त शिक्षा निदेशक, सप्तम मंडल गोरखपुर सतीश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक गोरखपुर अजीत कुमार सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर साकेत सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और आयोजन समिति से जुड़े लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के तीसरे दिन बालक वर्ग के मुकाबलों की शुरुआत के साथ आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आगामी दिनों में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले जारी रहेंगे।

2000 likes
0 comments0 shares
ℹJoin Next Update

Login to like, comment, and create posts