डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना

राप्ती नदी के रामघाट और गोरखनाथ घाट सहित जिले के सभी घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब प्रशासनिक व्यवस्था ने जीता व्रतियों का दिल, सुरक्षा से लेकर सफाई और यातायात तक रही पुख्ता व्यवस्था एडीजी, मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम और एसएसपी ने किया घाटों का निरीक्षण गोरखपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर रविवार को गोरखपुर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। राप्ती नदी के रामघाट, गोरखनाथ घाट, मानसरोवर सहित जनपद के विभिन्न छठ घाटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े। छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। घाटों पर दिनभर उत्सव जैसा माहौल रहा। छठी मइया के गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। महापर्व को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाटों पर की गई व्यवस्थाओं ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें पूरी मुस्तैदी से जुटी रहीं। घाटों पर पहुंचने वाले व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष ध्यान दिया गया था। राप्ती नदी के रामघाट और गोरखनाथ घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। नदी में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एनडीआरएफ, पीएसी, जल पुलिस की टीमें स्टीमर के साथ लगातार भ्रमण करती रहीं। जल पुलिस और गोताखोरों को सतर्क रखा गया था। नदी के किनारे सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। पुलिस प्रशासन ने घाटों पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखा। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती गई। घाटों पर सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। एलआईयू की टीम भी लगातार निगरानी करती रही। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के बीच मौजूद रहकर हर गतिविधि पर नजर रख रहे थे। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय रहीं। नगर निगम की ओर से सफाई व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सहायता के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर्मचारियों की टीमें लगातार काम कर रही थीं। नगर निगम की टीम बिछड़े हुए बच्चों को उनके परिजनों से मिलवाने का सराहनीय कार्य कर रही थी। इससे मेले में परिजनों से बिछड़ने वाले बच्चों को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाने में मदद मिली। नगर आयुक्त अजय जैन स्वयं सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। यातायात व्यवस्था को भी पूरी तरह व्यवस्थित रखा गया था। घाटों की ओर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को अनावश्यक जाम और असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। यातायात पुलिस की टीमें प्रमुख मार्गों और घाटों के आसपास तैनात रहीं। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही थी। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए एडीजी जोन रामकुमार, मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, डीआईजी रेंज एस. चन्नप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटिल लगातार भ्रमणशील रहे। अधिकारियों ने विभिन्न घाटों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा, सफाई, यातायात तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। एसपी उत्तरी राजेश धुनावता और एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे। गोरखनाथ घाट पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, सांसद रवि किशन, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, एसपी क्राइम अयोध्या प्रसाद सिंह, एसीएम प्रथम पवन कुमार जायसवाल, अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार और सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी सहित अन्य अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। रामघाट सहित जनपद के अन्य घाटों पर भी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन किया। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की सक्रियता के चलते छठ महापर्व का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। आस्था, अनुशासन और प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच गोरखपुर में छठ महापर्व का उल्लास देखते ही बना।