Post

Ved Pandey
Gazipur•about 4 hours ago

राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के खिलाड़ियों से पदक की उम्मीद

राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के खिलाड़ियों से पदक की उम्मीद

राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के खिलाड़ियों से पदक की उम्मीद, छह खिलाड़ियों का चयन प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बढ़ाया जनपद का मान, शुभम यादव ने दो स्वर्ण सहित जीते तीन पदक, आदित्य यादव ने हीट में किया शानदार प्रदर्शन बहरियाबाद (गाजीपुर)। जनपद गाजीपुर के एथलेटिक्स खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। प्रदेश स्तरीय 70वीं माध्यमिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के दम पर जिले के छह खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। वहीं दो अन्य खिलाड़ियों का चयन संभावित सूची में हुआ है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों और शिक्षकों में उत्साह है।वर्ष 2026-27 की माध्यमिक विद्यालयी राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में इस बार गाजीपुर के खिलाड़ियों की सहभागिता पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक रहने की संभावना है। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में 30 अक्टूबर से तीन नवंबर तक आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियन वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए गाजीपुर के एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया।क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह ने बताया कि अंडर-19 बालक वर्ग में सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बहरियाबाद के शुभम यादव ने 100 और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके साथ ही 4×400 मीटर रिले रेस में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अंडर-19 बालिका वर्ग में टाउन नेशनल इंटर कॉलेज सैदपुर की खुशबू यादव ने 3000 मीटर वॉक रेस में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं लूर्दस कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज गाजीपुर की नीलम बिंद ने 4×400 मीटर रिले रेस में स्वर्ण पदक हासिल किया।इसी क्रम में अंडर-17 बालक वर्ग में बापू इंटर कॉलेज सादात के आदित्य यादव ने 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक प्राप्त किया, जबकि नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज रेवतीपुर की आरती यादव ने भी 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। इन खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और निर्धारित मानकों के अनुरूप समय के आधार पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। इसके अतिरिक्त डॉ. एमए अंसारी इंटर कॉलेज मुहम्मदाबाद के अभय प्रसाद का 5000 मीटर वॉक रेस तथा पायल शर्मा का चयन संभावित सूची में किया गया है।क्रीड़ा सचिव ने आगे बताया कि अंडर-17 वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता मध्य प्रदेश के एसएमएस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित हो रही है। गुरुवार को हुई हीट दौड़ में आदित्य यादव ने 8 मिनट 40.77 सेकेंड का समय निकालते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। उनके इस प्रदर्शन से फाइनल मुकाबले में पदक जीतने की उम्मीद बढ़ गई है।गाजीपुर के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को जिले में एथलेटिक्स के बढ़ते स्तर और विद्यालयों में खेल प्रतिभाओं को मिल रहे अवसरों के रूप में देखा जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी ये खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से जनपद का गौरव बढ़ाएंगे।

0 likes
0 comments0 shares