
फिलीपींस से गोरखपुर तक प्यार का सफर! विदेशी बहू बनी भोजपुरी की दीवानी, पति के लिए रखती हैं निर्जला करवा चौथ व्रत

बांसगांव संदेश, गोरखपुर। सात समंदर पार फिलीपींस में जन्मीं जुजेला का दिल भारतीय युवक गौरव कुमार पर ऐसा आया कि वह अपना देश छोड़कर गोरखपुर की होकर रह गईं। शादी के बाद जुजेला ने न सिर्फ भारतीय रहन-सहन और खानपान को अपनाया, बल्कि यहां की संस्कृति में भी पूरी तरह रम गईं। करीब 12 वर्षों से गोरखपुर में रह रहीं जुजेला आज हिंदी के साथ फर्राटेदार भोजपुरी भी बोलती हैं। पति के साथ रेस्टोरेंट चलाकर अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही जुजेला की कहानी लोगों को आकर्षित कर रही है। गौरव कुमार वर्ष 2007 में पढ़ाई के लिए फिलीपींस गए थे, जहां नौकरी के दौरान उनकी मुलाकात जुजेला से हुई। दोस्ती प्यार में बदली और दोनों ने शादी कर ली। अब जुजेला पिछले तीन वर्षों से तीज और करवा चौथ का व्रत भी रख रही हैं। विदेशी धरती पर जन्मीं जुजेला का भारतीय परंपराओं के प्रति प्रेम और पति के लिए निर्जला व्रत रखने का संकल्प उनके जीवन की एक दिलचस्प कहानी बयां करता है।