आग पीड़ित के लिए मसीहा बने डॉ. प्रभाकर वर्धन राज, 50 हजार की आर्थिक मदद देकर बढ़ाया सहारे का हाथ

घघसरा/गोरखपुर। नगर पंचायत घघसरा बाजार स्थित विजय इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में मंगलवार देर रात लगी भीषण आग ने दुकानदार दिनेश मौर्य के सपनों और जीवनभर की कमाई को पलभर में राख कर दिया। आग में 50 लाख रुपये का सामान जलकर खाक होने से पीड़ित परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इस मुश्किल घड़ी में समाजसेवी डॉ. प्रभाकर वर्धन राज उर्फ नीटू भैया ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए मदद का हाथ बढ़ाया। बृहस्पतिवार को ग्राम डुमरी निवासी पूर्व प्रधान एवं पीजी ग्लोबल एकेडमी के प्रबंधक डॉ. प्रभाकर वर्धन राज ने पीड़ित दुकानदार दिनेश मौर्य को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उनकी इस पहल से संकट में घिरे परिवार को काफी संबल मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने उनके इस मानवीय प्रयास की सराहना की। डॉ. प्रभाकर वर्धन राज ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जा सकता। दुकान ही परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा थी। ऐसे समय में समाज के हर सक्षम व्यक्ति को आगे आकर सहयोग करना चाहिए, ताकि परिवार दोबारा अपने पैरों पर खड़ा हो सके। उन्होंने प्रशासन से भी पीड़ित दुकानदार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।