गोरखपुर में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में लगी आग, एक ही परिवार के सात लोग झुलसे; तीन मेडिकल कॉलेज में भर्ती

बांसगांव संदेश | गोरखपुर। गोरखपुर में सोमवार शाम खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से एक ही परिवार के सात लोग झुलस गए। हादसे के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक, नौरंगाबाद निवासी शफीक अहमद के मकान में सोमवार शाम करीब 4:30 बजे खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से परिवार के सात सदस्य झुलस गए। घायलों में शफीक अहमद (70), तौफीक अहमद (53), तुफैल अहमद (48), शबनम खातून (45), बन्नो खातून (25), उजमा (22) और उमरा खातून (16) शामिल हैं। घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों को घर भेज दिया गया, जबकि रेहान, तुफैल और बन्नो को मेडिकल कॉलेज के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार भर्ती घायलों की हालत सामान्य बताई गई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।