Post

NEXT UPDATE
Gorakhpur•23 minutes ago

गोरखपुर में लाइसेंसी पिस्टल साफ करते समय चली गोली, ठेकेदार की मौत; पत्नी के बयान पर उठे सवाल

गोरखपुर में लाइसेंसी पिस्टल साफ करते समय चली गोली, ठेकेदार की मौत; पत्नी के बयान पर उठे सवाल

बांसगांव संदेश | गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के फूलवरिया में शनिवार देर रात गोली लगने से 47 वर्षीय ठेकेदार अजीत कुमार सिंह की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह अपनी लाइसेंसी पिस्टल साफ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो उनकी कनपटी में जा लगी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, अजीत कुमार सिंह मूल रूप से संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के भीटी गांव के निवासी थे। वह अपनी पत्नी पूनम और दो बच्चों के साथ रामगढ़ताल क्षेत्र के फूलवरिया में मकान बनवाकर रहते थे। परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात करीब 12 बजे गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोग कमरे में पहुंचे। वहां अजीत गोली लगने से घायल अवस्था में पड़े मिले। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पत्नी पूनम ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि अजीत अपनी लाइसेंसी पिस्टल साफ कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई और उनकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात भी सामने आई थी। ऐसे में घटना को लेकर विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस पत्नी के बयान सहित अन्य तथ्यों का सत्यापन कर रही है। बताया जाता है कि अजीत सिंह पहले पीडब्ल्यूडी विभाग में ठेकेदारी करते थे। बाद में वह सिंचाई विभाग में ठेकेदारी करने लगे थे। घटना से परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

0 likes
0 comments0 shares