Deoria•2 days ago
डीएम ने निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्ता एवं समय बद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।


1/2
डीएम ने निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।
देवरिया, 19 नवंबर।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज जनपद में लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भलुअनी-रुद्रपुर वाया पकड़ी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य तथा देवरिया सदर ब्लॉक मुख्यालय संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता बनाए रखने तथा सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भलुअनी-रुद्रपुर वाया पकड़ी मार्ग के 16.70 किलोमीटर लंबाई में कराए जा रहे चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति देखी। इस परियोजना की स्वीकृति 5 जनवरी 2026 को मिली थी। लगभग 42.06 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत सड़क की चौड़ाई 3.75 मीटर से बढ़ाकर 5.50 मीटर की जा रही है। कार्य 20 मार्च 2026 को प्रारंभ हुआ था तथा इसे 19 जून 2027 तक पूर्ण किया जाना निर्धारित है। परियोजना की अब तक लगभग 60 प्रतिशत भौतिक प्रगति हुई है। निर्धारित लंबाई के सापेक्ष 16.50 किलोमीटर में मिट्टी एवं जीएसबी का कार्य पूर्ण हो चुका है। 12 किलोमीटर में डब्ल्यूएमएम तथा 9 किलोमीटर में डीबीएम का कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं, 2 किलोमीटर के सापेक्ष 1.50 किलोमीटर में डीएलसी का कार्य पूर्ण हुआ है। शेष कार्य प्रगति पर है।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने देवरिया सदर ब्लॉक, परसिया अहीर होते हुए बेलडाड़ रोड तक संपर्क मार्ग के 650 मीटर लंबाई में कराए जा रहे चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। लगभग 5.80 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना की स्वीकृति 13 नवंबर 2025 को मिली थी। इसके तहत सड़क की चौड़ाई 3 मीटर से बढ़ाकर 5.50 मीटर की जा रही है। कार्य 4 फरवरी 2026 को प्रारंभ हुआ था तथा इसे 3 सितंबर 2026 तक पूर्ण किया जाना निर्धारित है। परियोजना की भौतिक प्रगति 98 प्रतिशत बताई गई। जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराते हुए सड़क को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य ससमय गुणवत्ता से कराना सुनिश्चित करें अन्यथा की स्तिथि में सम्बंधित की जिम्मेदारी तय की जायेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, निर्धारित चौड़ाई एवं तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी गण आदि मौजूद रहे।
60 likes
602 views0 comments0 shares