Lucknow•about 15 hours ago
लखनऊ में आज PM मोदी का मेगा इवेंट: पहली बार

लखनऊ में आज PM मोदी का मेगा इवेंट: पहली बार दिल्ली से बाहर होगा कौशल दीक्षांत समारोह, देश के 52 टॉपर्स को करेंगे सम्मानित
लखनऊ | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को लखनऊ आ रहे हैं। शाम करीब 5:30 बजे वे गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (IGP) में 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री देशभर के 52 मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित करेंगे। इनमें आईटीआई, एनएसटीआई और आईटीओटी के टॉपर्स शामिल हैं। वे समारोह को संबोधित भी करेंगे।
पहली बार दिल्ली से बाहर हो रहा आयोजन
राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह की शुरुआत शैक्षणिक सत्र 2021-22 में हुई थी। अब तक इसका आयोजन दिल्ली में होता रहा है। पहली बार इसे दिल्ली से बाहर लखनऊ में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करना है।
पीएम-सेतु योजना पर भी होगी बात
इस दौरान प्रधानमंत्री कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण से जुड़े प्रयासों पर बात करेंगे। पीएम-सेतु योजना की प्रगति भी कार्यक्रम का हिस्सा होगी। इस योजना के तहत आईटीआई को अपग्रेड किया जा रहा है।
राजनाथ, जयंत चौधरी और CM योगी भी रहेंगे मौजूद
समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री जयंत चौधरी भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य प्रमुख अतिथियों के भी पहुंचने की संभावना है।
कार्यक्रम में कौशल आधारित शिक्षा और तकनीकी प्रशिक्षण पर जोर रहेगा।
तीन राज्यों के दौरे के बाद पहुंचेंगे लखनऊ
प्रधानमंत्री का शनिवार का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहेगा। वे सुबह करीब 9:45 बजे पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में आईआईटी के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद बिहार के वैशाली जाएंगे। वहां विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके बाद लखनऊ पहुंचेंगे।
72 likes
719 views0 comments0 shares