Post

Harishchand Soni
Gorakhpur•about 2 hours ago

अस्पताल से लौट रहे बाइक सवार पर जानलेवा हमला,

अस्पताल से लौट रहे बाइक सवार पर जानलेवा हमला,

अस्पताल से लौट रहे बाइक सवार पर जानलेवा हमला, सिर पर रॉड से वार कर किया लहूलुहान गलत दिशा से आ रहे ई-रिक्शा की टक्कर के बाद भड़का विवाद, बीच-बचाव करने पहुंचे भाई को भी पीटा बड़हलगंज। कस्बे के बाईपास रोड स्थित डॉ. जेपी पांडेय अस्पताल के समीप बुधवार को मामूली सड़क विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि आधा दर्जन लोगों ने मिलकर बाइक सवार युवक पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक का सिर फट गया और वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई को भी हमलावरों ने मारपीट कर घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार, कल्यानपुर निवासी रमाशंकर यादव पुत्र स्व. झाबर यादव पिछले एक सप्ताह से कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती अपनी मां की देखभाल कर रहे थे। बुधवार को वह अपनी पुत्री को बाइक पर बैठाकर बाईपास मार्ग से घर लौट रहे थे। इसी दौरान डॉ. जेपी पांडेय अस्पताल के समीप गलत दिशा से आ रहे एक ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक पर बैठी उनकी पुत्री सड़क पर गिर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रमाशंकर ने ई-रिक्शा चालक को सावधानी से वाहन चलाने की नसीहत दी। इसी बात को लेकर चालक उनसे उलझ गया और गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते ई-रिक्शा में सवार पांच-छह अन्य लोग भी विवाद में शामिल हो गए। आरोप है कि सभी ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से रमाशंकर पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने उनके सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। शोरगुल सुनकर रमाशंकर के भाई सुंदरलाल उन्हें बचाने पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें भी निशाना बनाया और मारपीट कर घायल कर दिया। दोनों भाइयों को लहूलुहान हालत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों को उपचार के लिए भिजवाया। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर और बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

0 likes
0 comments0 shares