Gorakhpur∨

Post

Rajkumar Raj
Gorakhpur•about 13 hours ago

गौरव सिंह सोगरवाल ने सिद्धार्थनगर के 46वें जिलाधिकारी के रूप

गौरव सिंह सोगरवाल ने सिद्धार्थनगर के 46वें जिलाधिकारी के रूप

गौरव सिंह सोगरवाल ने सिद्धार्थनगर के 46वें जिलाधिकारी के रूप में संभाली कमान कोषागार के डबल लॉक में ग्रहण किया कार्यभार, गोरखपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से शुरू हुआ प्रशासनिक सफर नगर आयुक्त और महराजगंज के डीएम तक पहुंचा गोरखपुर/सिद्धार्थनगर। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2017 बैच के अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को सिद्धार्थनगर के 46वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने सिद्धार्थनगर कोषागार कार्यालय के डबल लॉक में पहुंचकर विधिवत कार्यभार संभाला। इससे पहले वह महराजगंज के जिलाधिकारी के पद पर तैनात थे। शासन की ओर से स्थानांतरण के बाद उन्हें सिद्धार्थनगर जिले की कमान सौंपी गई है। गौरव सिंह सोगरवाल का गोरखपुर और महराजगंज से विशेष प्रशासनिक जुड़ाव रहा है। उनके प्रशासनिक सफर की शुरुआत गोरखपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रूप में हुई थी। इसके बाद उन्हें महराजगंज में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की जिम्मेदारी सौंपी गई। महराजगंज से उनका स्थानांतरण गोरखपुर नगर निगम में नगर आयुक्त के पद पर हुआ। गोरखपुर में नगर आयुक्त के रूप में सेवाएं देने के बाद शासन ने उन्हें महराजगंज का जिलाधिकारी बनाया। अब महराजगंज से स्थानांतरित होकर उन्होंने सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है। गौरव सिंह सोगरवाल अपनी सक्रिय कार्यशैली और सरकारी जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए विशेष पहचान बना चुके हैं। गोरखपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और एसडीएम सदर के रूप में तैनाती के दौरान उन्होंने सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया था। 27 जनवरी 2020 को गोरखपुर में एसडीएम सदर की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी जमीनों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान शहरी क्षेत्र में करीब 80 एकड़ और ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 350 एकड़ सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। इनमें नजूल और सीलिंग की ऐसी जमीनें भी शामिल थीं, जिन पर वर्षों से कब्जा था। उनके कार्यकाल में ताल सुमेर सागर की जमीन को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई भी काफी चर्चा में रही। करीब दो दशक से अधिक समय से लंबित इस मामले में लगभग 12 एकड़ जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर ताल के मूल स्वरूप को बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। इस कार्रवाई को गोरखपुर में जलस्रोतों के संरक्षण और सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण से बचाने के बड़े प्रयास के रूप में देखा गया। सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराने के उनके अभियान की चर्चा प्रदेश ही नहीं, देशभर में हुई और गोरखपुर मॉडल को एक मिसाल के रूप में प्रस्तुत किया गया। गोरखपुर नगर निगम में नगर आयुक्त के पद पर रहते हुए भी गौरव सिंह सोगरवाल ने शहरी विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद महराजगंज में जिलाधिकारी के रूप में उन्होंने जिले की प्रशासनिक व्यवस्था, विकास योजनाओं और जनसमस्याओं के निस्तारण से जुड़े कार्यों का नेतृत्व किया। विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम करने का अनुभव अब सिद्धार्थनगर जिले के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को गति देने में उपयोगी साबित हो सकता है। राजस्थान के भरतपुर के मूल निवासी गौरव सिंह सोगरवाल ने वर्ष 2015 में भारतीय विद्यापीठ, पुणे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीई की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाया। वर्ष 2017 बैच के आईएएस अधिकारी के रूप में उन्होंने उत्तर प्रदेश में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। सिद्धार्थनगर के नए जिलाधिकारी के रूप में अब उनके सामने विकास योजनाओं को गति देने, राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण, सरकारी जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कराने, जनशिकायतों का प्रभावी समाधान और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की चुनौती होगी। गोरखपुर और महराजगंज में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर काम करने के अनुभव के साथ उनसे सिद्धार्थनगर में भी बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों को नई गति देने की उम्मीद की जा रही है।

93 likes
931 views0 comments0 shares