गोवर्धन पूजा पर घघसरा गौशाला में हुआ गौ पूजन, अध्यक्ष व ईओ ने की गौ माता की आरती

घघसरा गोरखपुर । गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर नगर पंचायत घघसरा की गौशाला में गौ पूजन का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान गौशाला परिसर को फूलों और रंगोली से सजाया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे व अधिशासी अधिकारी अमित नायक ने विधि-विधान से गौ माता की पूजा-अर्चना की। उन्होंने गौ माता को तिलक लगाकर, फूलों की माला पहनाकर और गुड़-चारा खिलाकर पूजन किया। गौ माता की आरती कर सभी ने सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे ने कहा कि गौ सेवा ही सर्वोच्च धर्म है। गौ माता की सेवा और संरक्षण हम सभी का कर्तव्य है। नगर पंचायत गौशाला के विकास और गौवंश के चारे-पानी की समुचित व्यवस्था के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। अधिशासी अधिकारी अमित नायक ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति, गौ धन और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर गौवंश और ब्रजवासियों की रक्षा की थी, इसलिए आज का दिन गौ सेवा के संकल्प का दिन है। इस दौरान नगर पंचायत के कर्मचारी, सभासद और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे।