ईसीसी एजुकेटर के द्वितीय चरण में 133 चयनितों को बीएसए ने वितरित किए नियुक्ति पत्र।

ईसीसी एजुकेटर के द्वितीय चरण में 133 चयनितों को बीएसए ने वितरित किए नियुक्ति पत्र*। देवरिया 12 नवंबर जनपद में समग्र शिक्षा एवं निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को बढ़ावा देने के लिए बेसिक शिक्षा इस विभाग के अंतर्गत ईसीसीई एजुकेटर के द्वितीय चरण की चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस चरण में कुल 133 अभ्यर्थियों को आज जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राम जियावन मौर्य ने विद्यालय आवंटित करते हुए अपने हाथों से नियुक्ति पत्र प्रदान किए। गत 5 नवंबर को डायट, रामपुर कारखाना में चयनित अभ्यर्थियों को उनकी इच्छा के अनुसार रिक्त पदों के सापेक्ष विद्यालयों का ऑनलाइन विकल्प चयन कराया गया था। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई तथा अभ्यर्थियों द्वारा चुने गए विद्यालयों के अनुरूप ही उन्हें आवंटन किया गया। नियुक्ति पत्र प्राप्त होने पर चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया है कि जनपदीय चयन समिति एवं जिलाधिकारी के अनुमोदन के उपरांत चयन प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। ईसीसीई एजुकेटर की निर्धारित लिखित परीक्षा में कुल 141 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए थे। इसके सापेक्ष विद्यालय आवंटन प्रक्रिया में 133 चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी सुविधानुसार विद्यालय का विकल्प चुना। इन सभी 133 चयनित ईसीसीई एजुकेटरों को आज नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने चयनित अभ्यर्थियों को आज प्रातः 10:30 बजे शपथ पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए थे। इसके क्रम में उन्होंने अपने कार्यालय कक्ष में सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए तथा तत्काल कार्यभार ग्रहण कर शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में योगदान देने को कहा। ईसीसीई एजुकेटर की नियुक्ति 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) तथा निपुण स्तर को बढ़ावा देने के लिए ऐसे परिषदीय विद्यालयों में की गई है, जहां विद्यालय के साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित हैं।