16 दिसंबर तक प्राप्त होंगे दावे एवं आपत्तियां,मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को।

16 दिसंबर तक प्राप्त होंगे दावे एवं आपत्तियां,मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने एवं संशोधन कराने का मिलेगा अवसर। 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर आयोजित होंगे विशेष अभियान दिवस। राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को उपलब्ध कराई गई आलेख्य मतदाता सूची। देवरिया, 17 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को उसकी प्रतियां भी उपलब्ध कराईं। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन पुनरीक्षण कार्यक्रम का महत्वपूर्ण चरण है। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, किसी अपात्र अथवा मृतक मतदाता का नाम हटवाने तथा मतदाता विवरण में आवश्यक संशोधन कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके लिए निर्धारित प्रारूपों का उपयोग किया जा सकता है। नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, नाम अपमार्जित कराने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन, स्थान परिवर्तन अथवा मतदाता पहचान पत्र से संबंधित आवश्यक सुधार के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से आलेख्य मतदाता सूची का अवलोकन कराएं तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए सभी संबंधित पक्ष सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के दृष्टिगत 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर 2026 को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिवसों में बूथ लेवल अधिकारी अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे तथा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित समयावधि में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाए। उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे आलेख्य मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें और किसी प्रकार की त्रुटि अथवा नाम छूटने की स्थिति में निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित प्रपत्र भरकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 दिसंबर तक प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का डिजिटाइजेशन कर आयोग को प्रेषित किया जाएगा तथा प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, एएसडीएम अखिलेश कुमार यादव सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि गण आदि उपस्थित रहे।