S
Azamgarh•about 1 month ago
मिशन शक्ति अभियान में 3209 लोगों को किया जागरूक, 58 वाहनों का चालान

आजमगढ़। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए आजमगढ़ पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत मंगलवार को व्यापक जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में जिले के 26 थानों में 92 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 2,264 महिलाओं व बालिकाओं और 945 पुरुषों सहित कुल 3,209 लोगों को जागरूक किया गया। अभियान के तहत महिला पुलिस आरक्षियों और एनसीसी की महिला कैडेट्स ने कलेक्ट्रेट व अग्रसेन चौराहे सहित प्रमुख स्थानों पर यातायात व्यवस्था संभाली। लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट के प्रयोग और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। एंटी रोमियो स्क्वाड ने 72 स्थानों पर चेकिंग कर 1,019 व्यक्तियों की जांच की और 85 लोगों को चेतावनी दी। वहीं, स्टंटबाजी करने वाले 58 वाहनों का चालान किया गया तथा 266 निजी टैक्सी व वाहनों का सत्यापन किया गया। जागरूकता के लिए 1,387 मुद्रित सामग्री और 20 ऑनलाइन सॉफ्ट कॉपी भी वितरित की गईं। आजमगढ़ पुलिस ने लोगों से महिला सुरक्षा, सम्मान और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा अभियान में सहयोग करने की अपील की।
1,274 likes
742 views0 comments1 shares