
देश में बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर को मंजूरी, दिल्ली से गुवाहाटी

देश में बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर को मंजूरी, दिल्ली से गुवाहाटी तक दौड़ेगी हाईस्पीड ट्रेन; अयोध्या-वाराणसी भी जुड़ेंगे बांसगांव संदेश | वाराणसी। देश में बुलेट ट्रेन नेटवर्क के विस्तार को लेकर बड़ी घोषणा की गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वाराणसी में जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। प्रस्तावित कॉरिडोर दिल्ली से शुरू होकर आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी होते हुए बिहार की राजधानी पटना, सिलीगुड़ी और असम के गुवाहाटी तक पहुंचेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हाईस्पीड रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। रेल मंत्री के मुताबिक, इस कॉरिडोर के निर्माण के बाद दिल्ली से कानपुर की दूरी महज 1 घंटा 45 मिनट में और दिल्ली से वाराणसी की यात्रा करीब साढ़े तीन घंटे में पूरी की जा सकेगी। परियोजना के साकार होने से यात्रियों को तेज और आधुनिक रेल सुविधा मिलने के साथ पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की संभावना है।