पानी गिराने के विवाद में दो परिवारों के बीच मारपीट,

पानी गिराने के विवाद में दो परिवारों के बीच मारपीट, पांच के खिलाफ मुकदमा अशोक, पत्नी शीला और बेटी ज्योति घायल; धारदार हथियार से हमला करने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के रामगुलाम टोला स्थित जीवत चौराहे पर पानी गिराने को लेकर दो भाइयों के परिवारों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में अशोक, उनकी पत्नी शीला और बेटी ज्योति घायल हो गईं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां अशोक और ज्योति के सिर में चोट लगने पर टांके लगाए गए। वहीं शीला के गर्दन और कमर में चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, रामगुलाम टोला निवासी अशोक और उनके सगे भाई संजय मध्देशिया अपने-अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं। मकान का बंटवारा भी हो चुका है। पानी गिराने सहित अन्य घरेलू बातों को लेकर दोनों परिवारों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। अशोक का आरोप है कि 9 नवंबर की शाम करीब छह बजे पानी गिराने को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद संजय, उनकी पत्नी किरन देवी और तीन बेटे रतन, पवन व अमन उनके कमरे में घुस आए। आरोप है कि पांचों लोगों ने धारदार हथियार, रॉड और सरिया से अशोक, उनकी पत्नी शीला और बेटी ज्योति पर हमला कर दिया। अशोक ने पुलिस से घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि मोहल्ले के लोग बीच-बचाव नहीं करते तो हमलावर उनके परिवार के साथ गंभीर घटना कर सकते थे। पुलिस ने अशोक की शिकायत पर संजय मध्देशिया, किरन देवी, रतन, पवन और अमन के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में कोतवाल शशि भूषण राय ने बताया कि मारपीट के मामले में पांच लोगों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। रुद्रपुर देवरिया | बांसगांव संदेश