Gorakhpur•about 6 hours ago
डीएम दीपक मीणा ने खुद पूरी की स्व-गणना, नागरिकों से


1/2
डीएम दीपक मीणा ने खुद पूरी की स्व-गणना, नागरिकों से भी की अपील
30 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज करें मकान और परिवार का ब्योरा, 11 अंकों की SE ID रखना होगा सुरक्षित
एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, स्व-गणना करने वाले परिवार उपलब्ध कराएं अपनी SE ID
गोरखपुर। जनगणना-2027 को लेकर चल रहे स्व-गणना अभियान को गति देने के लिए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मंगलवार को अपने कार्यालय में लैपटॉप के माध्यम से ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने निर्धारित पोर्टल पर मकान और परिवार से संबंधित जानकारियां दर्ज कर नागरिकों के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त तपन मिश्रा और एडीएम वित्त एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश ने आवश्यक सहयोग किया।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे भी मोबाइल फोन अथवा लैपटॉप के माध्यम से घर बैठे स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करें और जनगणना के महत्वपूर्ण अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। इसके आंकड़ों के आधार पर भविष्य की योजनाएं तैयार की जाती हैं। इसलिए प्रत्येक परिवार की सही और पूरी जानकारी दर्ज होना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in/ पर जाकर उत्तर प्रदेश राज्य का चयन करें। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना होगा। अपनी सुविधानुसार भाषा का चयन करने के बाद निर्धारित प्रश्नों के जवाब भरकर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
स्व-गणना के दौरान मकान का पूरा पता, भवन का उपयोग, मकान की स्थिति, दीवार, छत और फर्श में प्रयुक्त सामग्री, मकान का स्वामित्व, परिवार के मुखिया का नाम, सदस्यों की संख्या और रहने के लिए उपलब्ध कमरों का विवरण दर्ज करना होगा। इसके साथ ही पेयजल का स्रोत, बिजली, शौचालय, स्नानघर, रसोईघर, खाना पकाने में इस्तेमाल होने वाला ईंधन और जल निकासी जैसी सुविधाओं की जानकारी भी देनी होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि परिवार के पास उपलब्ध मोबाइल फोन, इंटरनेट, टेलीविजन, रेडियो, साइकिल, मोटरसाइकिल और कार जैसे संसाधनों का विवरण भी निर्धारित प्रश्नों के अनुसार सही-सही भरें। फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच कर लें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए।
उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाली 11 अंकों की SE ID को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। नागरिक इसे अपने मोबाइल फोन में सुरक्षित रखने के साथ लिखकर भी रख सकते हैं। एक दिसंबर से घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को यह आईडी उपलब्ध करानी होगी, जिससे ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर मकान और परिवार से संबंधित जानकारियां एकत्र करेंगे। पांच से नौ जनवरी तक संशोधन की प्रक्रिया भी निर्धारित की गई है।
उन्होंने नागरिकों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय से स्व-गणना पूरी करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि जो परिवार किसी कारणवश ऑनलाइन स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनके घर पहुंचने वाले प्रगणक निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक जानकारियां दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्रीय महत्व का अभियान है। इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। सही और विश्वसनीय आंकड़े ही देश और जनपद के विकास की भावी योजनाओं को प्रभावी बनाने में मददगार साबित होंगे।
79 likes
787 views0 comments0 shares