Post

Anup singh
Deoria•about 1 hour ago

शादी के बाद पत्नी को छोड़कर पति फरार, शादी कराने वाले व्यक्ति पर धोखाधड़ी का आरोप

शादी के बाद पत्नी को छोड़कर पति फरार, शादी कराने वाले व्यक्ति पर धोखाधड़ी का आरोप

महिला ने कोतवाली पहुंचकर लगाई गुहार, पति की तलाश और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग देवरिया। शहर के रामगुलाम टोला निवासी एक महिला ने शादी कराने में मध्यस्थता करने वाले व्यक्ति पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि प्रेम विवाह के बाद उसका पति उसे दिल्ली में छोड़कर लापता हो गया। काफी तलाश के बावजूद पति का पता नहीं चलने पर गुरुवार शाम करीब चार बजे महिला कोतवाली पहुंची और पुलिस को शिकायती पत्र देकर पति की तलाश कराने के साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। फेरी लगाकर कपड़े बेचने के दौरान हुई थी मुलाकात महिला के अनुसार, उसकी मुलाकात मोहम्मद कासिम से उस समय हुई थी, जब वह फेरी लगाकर कपड़े बेचता था। कासिम मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला है। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और प्रेम संबंध हो गया। महिला का आरोप है कि प्रमोद सिंह नामक व्यक्ति ने दोनों की शादी कराने में मध्यस्थता की थी। इसके बाद दोनों ने गोरखपुर स्थित तरकुलहा मंदिर में विवाह कर लिया। महिला ने बताया कि शादी के बाद कासिम उसे अपने साथ दिल्ली ले गया था। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन बीते आठ नवंबर को पति उसे छोड़कर कहीं चला गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा है। महिला के मुताबिक, उसके पति का जीजा भी प्रमोद सिंह के पास रहता है। मध्यस्थ पर जताया संदेह, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार महिला ने बताया कि प्रमोद सिंह देवरिया में पुरवा चौरा के पास शर्मा ढाबे के बगल में मकान लेकर रहता है। पति के अचानक लापता होने के मामले में महिला ने प्रमोद सिंह की भूमिका पर संदेह जताया है। उसने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कराने, पति को तलाशने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी शशि भूषण राय ने बताया कि महिला की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0 likes
0 comments0 shares